जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान की गहलोत सरकार के लिए रविवार का दिन सुखद रहा। कांग्रेस मे लंबे समय से चली आ रही खींचतान का भी अंत हो गया। और आखिरकार अशोक गहलोत मंत्रिमंडल का पुनर्गठन हो गया। राजभवन में राज्यपाल कलराज मिश्र ने गहलोत सरकार में शामिल हुए 11 कैबिनेट और 4 राज्य मंत्रियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। कैबिनेट पुनर्गठन में राज्य मंत्रियों को प्रमोट कर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इस पुनर्गठन के बाद अब सरकार में सभी 30 मंत्रियों की जगह भर दी गई है।रविवार को राजभवन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मौजूदगी में राज्यपाल कलराज मिश्र ने वरिष्ठ विधायक हेमाराम चौधरी, महेंद्रजीत सिंह मालवीय, रामलाल जाट, मुख्य सचेतक महेश जोशी, पूर्व मंत्री रहे विश्वेन्द्र सिंह, रमेश मीणा, वरिष्ठ विधायक गोविंद राम मेघवाल और शकुंतला रावत को कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई।
 वहीं अब तक राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे ममता भूपेश, भजन लाल जाटव और टीकाराम जूली को भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। राज भवन में कार्यक्रम में राज्यपाल कलराज मिश्र ने बतौर राज्यमंत्री के रूप में कामां से विधायक जाहिदा खान, झुंझुनू से विधायक बृजेंद्र सिंह ओला, उदयपुरवाटी से विधायक राजेंद्र गुढ़ा और दौसा से विधायक मुरारी लाल मीणा को राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई।
जाहिदा ने अंग्रेजी और अन्य ने हिंदी में ली शपथ।

समारोह में कामां विधायक जाहिदा खान ने राज्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राजभवन में हुए शपथ ग्रहण समारोह में जाहिदा ने अंग्रेजी भाषा मे शपथ ली। जबकि अन्य विधायकों ने हिंदी भाषा में शपथ ली। जाहिदा ने गहलोत मंत्रिमंडल में राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली है। अशोक गहलोत मंत्रिमंडल पुर्नगठन शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा की ओर से केवल प्रतिपक्ष के उपनेता राजेन्द्र राठौड़ ही शामिल हुए।जबकि नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया उदयपुर में होने के चलते शामिल नहीं हुए और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया खराब स्वास्थ्य के चलते शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए। वही राजभवन में हुए शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश प्रभारी अजय माकन, पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा, विधानसभा अध्यक्ष डॉ सी पी जोशी, मुख्य सचिव निरंजन आर्य सहित गहलोत मंत्रिमंडल के कई सदस्य कांग्रेस विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि व प्रमुख नेता मौजूद रहे।