एसीबी सीकर की टीम ने पीडब्ल्यूडी एक्सईएन संजय चाैधरी की कार 2.36 लाख रुपए बरामद किए हैं। एसीबी ने रकम अवैध मानते हुए सीज कर ली। यहां जयनारायण व्यास काॅलाेनी स्थित उसका मकान भी सीज करके वहां पुलिस तैनात कर दी गई है। एसीबी के डीवाईएसपी जाकिर अख्तर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि नाेखा में कार्यरत पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन संजय चाैधरी(58) बीकानेर से कार में पत्नी के साथ जयपुर जा रहे हैं।
कार में लाखाें रुपए छुपा रखे हैं। इस पर एसीबी की टीम बीकानेर से ही एक्सईएन की कार के पीछे लग गई। सीकर में पुलिस की नाकाबंदी करवा कर अखेपुरा टाेल नाका के पास कार काे रुकवाया गया। तलाशी के दाैरान कार में रखे बैग के अंदर फटी-पुरानी बनियान में 500-500 के 100 नाेट यानि 50 हजार रुपए लपेट कर रखे मिले। इसके अलावा सेल्युलोस की थैली, जिसमें लेडीज कपड़ाें के बीच दाे-दाे हजार रुपए के 93 नाेट यानि 1.86 लाख रुपए बरामद हुए।
रुपयों के बारे में चौधरी से पूछताछ की ताे बचाव करते हुए कहा कि 2.36 लाख रुपए उसने मेरठ निवासी ससुर से लिए थे। इस पर एसीबी ने एक्सईएन काे ससुर के माेबाइल नंबर देने काे कहा ताे कई देर तक नंबर नहीं बताए। नंबर उपलब्ध हाेने पर ससुर काे फाेन कर पूछा ताे उसने रुपए देने से मना कर दिया। रकम जब्त करने के बाद उसे छाेड़ दिया गया। एसीबी ने इस राशि को शुरूआती जांच में अवैध व भ्रष्ट तरीकों से अर्जित करना माना है। डीवाईएसपी जाकिर के अनुसार यह कार्रवाई एसीबी के डीजी बीएल साेनी व एडीजी दिनेश एमएन के निर्देश पर की है।
जेएनवी काॅलाेनी में मकान सीज
पीडब्ल्यूडी एक्सईएन संजय चौधरी के सीकर में पकड़े जाने की सूचना मिलने के बाद यहां जेएनवी काॅलाेनी में उसका 2डी98 नंबर मकान सीज कर दिया गया। एसीबी एएसपी रजनीश पूनिया ने बताया कि इंस्पेक्टर आनंद गिला की टीम ने मकान सीज किया। एक्सईएन के लाैटने के बाद उसकी सर्च की जाएगी। मकान के बाहर पुलिस की निगरानी बैठा दी गई है।
पत्नी भी बाेली, पापा ने दिए हैं पैसे
एसीबी की टीम ने जब बनियान और महिला कपड़ाें के बीच छुपा कर रखे 2.36 लाख रुपए बाहर निकाले ताे एक्सईएन की पत्नी भी पति के बीच-बचाव में उतर आई। टीम से कहा कि ये रुपए उसके पापा ने इन्हें दिए हैं। किस काम और वजह पूछने पर पत्नी भी स्पष्ट जवाब नहीं दे पाई। कार एक्सईएन संजय चौधरी चला रहे थे। कार में पत्नी के अलावा तीसरा काेई शख्स मौजूद नहीं मिला।
इससे पहले श्रीगंगानगर आयुक्त के पास मिले थे 1.40 लाख रुपए : पिछले साल दिसंबर में भी सीकर एसीबी की टीम ने श्रीगंगानगर आयुक्त प्रियंका बुढानिया की कार काे लक्ष्मणगढ़ में रुकवा कर 1.40 लाख अवैध रुपए बरामद किए थे। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर आयुक्त के खिलाफ जांच शुरू हुई थी।


0 टिप्पणियाँ