सवाईमाधोपुर से हेमेन्द्र शर्मा।
उत्तरप्रदेश के लखीमपुर खीरी में कृषि कानून का विरोध कर रहे किसानों पर केंद्रीय मंत्री के बेटे द्वारा गाड़ी चढ़ाने पर हुई किसानों की मौत को लेकर सवाई माधोपुर जिले के किसानों में भी जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर आज कलेक्ट्रेट के समक्ष कृषि कानून के विरोध में विगत 260 दिनों से धरने पर बैठे किसानों ने कलेक्ट्रेट के समक्ष जमकर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा । इस दौरान किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और लालसोट कोटा मेगा हाइवे पर जाम लगा दिया और बड़ी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट के समक्ष मेगा हाइवे पर बैठ गए । मेगा हाइवे जाम करने को लेकर इस दौरान पुलिस एंव किसानों के बीच हल्की फुल्की झड़प भी हो गई ।
लेकिन किसान नही माने और मेगा हाइवे पर जाम लगाकर मेगा हाइवे के बीच ही धरने पर बैठ गए । ऐसे में मजबूरन पुलिस को यातायात डायवर्ट करना पड़ा । लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर किसानो का कहना है कि भाजपा के शासन काल मे किसानों के साथ अंग्रेजो के शासन काल से भी बुरा बर्ताव हो रहा है। किसानों ने कहा कि यूपी के लखीमपुर खीरी में प्रदर्शन कर रहे किसानों पर भाजपा के मंत्री के बेटे द्वारा गाड़ी चढ़ाकर किसानों की निर्मम हत्या की गई है। किसानों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर यूपी के ग्रह मंत्री व उप मुख्यमंत्री को बर्खास्त करने और हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है साथ ही अन्य दोषियों के खिलाफ भी कड़ी कार्यवाही की मांग की है। किसानों का कहना है जब तक किसानों की मांग पूरी नही की जाती तब तक किसानों द्वारा धरना प्रदर्शन किया जायेगा।



0 टिप्पणियाँ