हनुमानगढ़ से विश्वास कुमार।

धान की सरकारी खरीद करने की मांग, सेंट्रल वेयर हाउस के गोदाम रिलायंस को ठेके पर देने के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले आज जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर रहे किसान कार्यकर्ताओं व किसानों पर पुलिस ने लाठियां भांजी। लाठीचार्ज में एक दर्जन से अधिक प्रदर्शनकारियों के चोटें लगी। इनमें से दो प्रदर्शनकारियों के अधिक चोटें लगी। इन्हें जिला अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। लाठीचार्ज की घटना से किसान व किसान कार्यकर्ता आक्रोशित हो उठे और उन्होंने अपने साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर लाई गई धान की सड़क पर ढेरियां लगा दी। साथ ही घेराव कर जिला कलक्ट्रेट के समक्ष बेमियादी पड़ाव डाल दिया। प्रदर्शनकारियों ने लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई न होने तक पड़ाव जारी रखने की चेतावनी दी।