जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

भारत और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच 17 नवंबर को जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में खेला जाएगा। हालांकि इस मैच को दर्शक स्टेडियम में बैठकर देख पाएंगे या नहीं, इसका फैसला राज्य सरकार को करना है। इस संबंध में एक पत्र सरकार को लिखा गया है। दरअसल करीब 8 साल बाद राजधानी जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम को किसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच की मेजबानी मिली है। यहां भारत और न्यूजीलैंड के बीच T-20 मुकाबला 17 नवंबर को एसएमएस में खेला जाएगा, लेकिन इसी बीच जयपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बुरी खबर भी है। मामले को लेकर राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष वैभव गहलोत ने बताया कि उन्हें खुशी है कि करीब 8 साल बाद किसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच की मेजबानी राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन को सौंपी गई है। क्रिकेट मैच की तैयारियों को लेकर वे लगातार स्टेडियम के दौरे कर रहे हैं। ताकि क्रिकेट मैच का आयोजन बेहतर तरीके से हो सके। इसी बीच 8 साल बाद हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच से दर्शकों को दूर रखा जा सकता है।वैभव गहलोत ने बताया कि मैच का आयोजन दर्शकों की उपस्थिति में होगा या नहीं, इसका फैसला प्रदेश की सरकार लेगी। ऐसे में कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत दर्शकों के बीच मैच के आयोजन को लेकर एक पत्र राज्य सरकार को लिखा गया है और सरकार से अनुरोध किया गया है कि वे इस मामले को लेकर फैसला लें। ऐसे में फिलहाल यही माना जा रहा है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच जयपुर में होने वाला यह मुकाबला बिना दर्शकों के ही होगा। गहलोत ने यह भी बताया कि मैच के आयोजन को लेकर बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली से भी बातचीत हुई थी। गांगुली ने कहा कि राज्य की सरकार ही दर्शकों को लेकर अनुमति देगी।