झालावाड़ से हरिमोहन चोडॉवत।
झालावाड़ जिले की नई पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने झालावाड पहुंचकर अपना पदभार संभाल लिया है। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने पर एसपी मोनिका सेन को पुलिसकर्मियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उन्होंने जिले के आला पुलिस अधिकारियों से परिचय लिया। जिसके बाद उन्हें अपने कक्ष में जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश यादव ने पदभार ग्रहण करवाया। गौरतलब है कि इसके पहले झालावाड़ की पुलिस अधीक्षक रही डॉ किरण सिंह सिद्धू का स्थानांतरण आरएसी बटालियन दिल्ली में हो गया है। इसके बाद जिले की दूसरी महिला पुलिस कप्तान के तौर पर अपना पदभार संभालने के बाद नई एसपी मोनिका सेन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिले में महिलाओं बच्चों और बुजुर्गों के खिलाफ होने वाले अपराधों को रोकना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा। साथ ही झालावाड़ जिले के सीमावर्ती मध्यप्रदेश के जिलों से लगने वाली सीमाओ से होने वाली तस्करी समेत अन्य अपराधों पर लगाम लगाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा। नई एसपी ने पदभार ग्रहण करने के बाद जिले के पुलिस अधिकारियों से भी जिले में होने वाले अपराधों को लेकर फीडबैक लिया।

0 टिप्पणियाँ