जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान की एसओजी ने पेपर लीक करने वाली गैंग के सरगना बत्तीलाल और उसके एक अन्य साथी को उत्तराखंड के केदारनाथ से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। एसओजी काफी लंबे समय से बत्तीलाल की तलाश में जुटी थी और उसे गिरफ्तार करने के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर दबिश दी गई लेकिन सुराग नहीं मिला था। बत्तीलाल की तलाश में जुटी एसओजी को बत्तीलाल के उत्तराखंड में छिपे होने की सूचना मिली। इस पर एसओजी की टीम उत्तराखंड पहुंची। 3 दिन तक एसओजी की टीम ने उत्तराखंड में बत्तीलाल को ट्रैक किया। रविवार शाम को एसओजी टीम के हाथ सफलता लगी और उत्तराखंड के केदारनाथ से एसओजी टीम ने बत्तीलाल और उसके एक अन्य साथी को दबोच लिया। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एसओजी टीम उन्हें उत्तराखंड से जयपुर के लिए रवाना हुई है। वहीं रीट भर्ती परीक्षा पेपर लीक प्रकरण में अब तक एसओजी कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गैंग के सरगना बत्तीलाल की गिरफ्तारी के बाद अब इस पूरे प्रकरण में अनेक चौंकाने वाले खुलासे होने और गिरोह से जुड़े हुए कुछ अन्य सदस्यों के गिरफ्तार होने की संभावना है।

0 टिप्पणियाँ