उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
भारत पाकिस्तान T-20 मैच में भारत के मैच हारने पर उदयपुर की एक शिक्षिका ने पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाया था। सेलिब्रेशन ने सुर्खियां बटोरी। महिला टीचर के खिलाफ विरोध खुलेआम जताया गया।नतीजतन नौकरी से बर्खास्तगी तो हुई ही साथ ही गिरफ्तारी भी। इतना कुछ होने के बाद अब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकार ने अपनी राय पेश की है। जिससे साफ होता है कि वो टीचर की बर्खास्तगी को सही नहीं मानते। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकार और पूर्व भारत सरकार में पर्यटन सचिव रहे अरविंद मायाराम का एक ट्वीट चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल महिला शिक्षिका को स्कूल से बर्खास्त करने के मामले में अरविंद मायाराम ने महिला का पक्ष लेते हुए ट्वीट किया और उन्होंने स्कूल की कार्रवाई पर खेद प्रकट किया। शिक्षिका को नौकरी से हटाने का मामले में उन्होंने अनुचित बताया है। इसी के साथ उन्होंने स्कूल को फिर से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने की बात लिखी है।
यह था पूरा मामला
24 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान के बीच टी-20 मुकाबले के बाद टीचर नफीसा अटारी ने अपने वॉट्सएप पर पाकिस्तान की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा था, हम जीत गए। ये वॉट्सएप स्टेटस जब एक बच्चे के पैरेंट ने देखा, तो वे भड़क गए। टीचर का स्टेटस देखकर जब पैरेंट्स ने पूछा, क्या वे पाकिस्तान का समर्थन करती हैं, तो शिक्षिका ने हां में जवाब दिया। इस पर पैरेंट्स ने स्कूल मैनेजमेंट को फोन कर इस पर आपत्ति जताई। स्कूल ने टीचर नफीसा अटारी को नौकरी से निकाल दिया। टीचर नफीसा अटारी ने वीडियो जारी कर माफी मांगते हुए कहा, हम मैच देख रहे थे। हमने घर में ही दो टीम बांट ली थी। हम अपनी-अपनी टीम को सपोर्ट कर रहे थे। इसका ये मतलब नहीं था, मैं पाकिस्तान को सपोर्ट कर रही हूं। पाकिस्तान के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद अंबामाता पुलिस ने शिक्षिका को गिरफ्तार कर लिया था। जिसके बाद अंबामाता थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने महिला को 153 बी के तहत महिला को हिरासत में लिया था। बाद में कोर्ट ने जमानत पर टीचर को रिहा कर दिया।