उदयपुर से भगवान प्रजापत।

प्रदेश के बड़े हिस्से से विदा ले चुका मानसून उदयपुर और मेवाड़ से भी सोमवार को विदा हो गया। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार 4 अक्टूबर को बादल छाए रहने के साथ-साथ हल्की बरसात हो सकती है। इसके बाद मंगलवार से मानसूनी बरसात लगभग खत्म हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि दक्षिणी-पूर्वी अरब सागर में एक दबाव का क्षेत्र बनने से कुछ-कुछ इलाकों में खंड बरसात हो सकती है। मगर मोटे तौर पर मौसम विभाग और वैज्ञानिकों का यही मानना है कि मानसून सोमवार को विदा हो जाएगा।

फतहसागर झील आधा फीट खाली, उदयसागर दो फीट।

इधर जाते-जाते मदार और गोगुंदा क्षेत्र में हुई अच्छी बारिश के बाद शहर की सबसे खूबसूरत फतहसागर झील छलक सकती हैं। फतहसागर झील का जलस्तर 12.6 फीट से ज्यादा हो चुका है। अब यह महज आधे फीट से भी कम खाली है। बड़ा और छोटा मदार दोनों ओवरफ्लो होने से फतहसागर के ओवरफ्लो होने की पूरी संभावना बनी हुई हैं। मदर नहर से पानी फतहसागर में लगातार पहुंच रहा हैं। उदयसागर झील लगभग 2 फीट खाली है। ऐसे में अगर फतहसागर छलकता है तो इससे निकलने वाला पानी उदयसागर झील को भर सकता है। 24 फीट भराव क्षमता वाली इस झील का जल स्तर करीब 22 फीट हो गया हैं। 

औसत से कम हुई बरसात।

मानसून के अपने अंतिम दौर में हुई बारिश ने भले ही राहत पहुंचायी लेकिन जिले में औसत से कम बारिश दर्ज की गई। उदयपुर में औसतन 587 एमएम बरसात होती है। मगर इस बार उदयपुर में अबतक 518 एमएम बरसात हुई है।