सवाईमाधोपुर से हेमेन्द्र शर्मा।

सवाई माधोपुर जिले के खंडार उपखण्ड क्षेत्र के गोठबिहारी गाँव में आज उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब एक भालू रणथंभौर के जंगलों से निकलकर आबादी क्षेत्र स्थित गंगेश्वर महादेव इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर में आ घुसा । भालू के मंदिर परिसर में घुसने की सूचना आग की तरह गाँव मे फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मन्दिर पर एकत्रित हो गए । इस दौरान ग्रामीणों ने मन्दिर ताला जड़ दिया। जिसके चलते भालू मन्दिर में ही कैद हो गया। ग्रामीणों की सुचना पर जिला मुख्यालय से वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पंहुँची । लेकिन इस दौरान भालू द्वारा मन्दिर परिसर में किये गए नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने वन विभाग की रेस्क्यू टीम को भालू को ट्रेंकुलाइज नही करने दिया । सूचना और मौके पर पहुंची बहरावंडा कला थाना पुलिस ने ग्रामीणों से समझाइस की और मन्दिर में हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया । तब जाकर ग्रामीण शांत हुए । जिसके बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद भालू की ट्रंकुलाइज किया गया। वन विभाग की रेस्क्यू टीम प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि विगत करीब एक माह से भालू आबादी क्षेत्र में आ रहा था। जिसे आज ट्रंकुलाइज कर लिया गया और रणथंभौर के दूसरे इलाके के जंगलो में छोड़ दिया गया है । भालू के रेस्क्यू किये जाने के बाद जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।