नशे की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप' में जयपुर पुलिस ने करीब दो करोड़ रुपए की स्मैक बरामद की है। मामले में फल कारोबारी अरबाज खान (25) को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से 3 किलो 480 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। जयपुर पूर्व के बजाज नगर थाने में शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कराया गया है।
डीसीपी (क्राइम) दिगंत आनंद ने बताया कि अरबाज खान मूल रूप से गांव दूधालिया, गंगधार तहसील, झालावाड़ जिले का रहने वाला है। वह जयपुर में गांधीनगर में शिवाड़ एरिया में किराए के मकान रहता है। अरबाज आठवीं कक्षा तक पढ़ा है। वह झालावाड़ में फलों की सप्लाई करता है। काफी समय से स्मैक की सप्लाई कर रहा है। खुद भी स्मैक का नशा करता है। जुआ-सट्टा खेलता है। लॉकडाउन में काफी कर्जा होने पर वह मादक पदार्थ की तस्करी करने लगा।
झालावाड़ से स्मैक खरीदता था
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि अरबाज शहर में हाई क्वालिटी की स्मैक बेचता है। उसकी स्मैक कांटा व चाल पाउडर मिलाकर तैयार कराई जाती है। अरबाज खान झालावाड़ में स्मैक तस्कर अबु राजा उर्फ अमजद खान से स्मैक खरीदकर जयपुर शहर के आसपास और सवाई माधोपुर में फुटकर विक्रेताओं एवं सप्लायरों को बेचता है।
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम स्पेशल टीम में शामिल कॉन्स्टेबल गिरधारी की सूचना पर अरबाज खान को पकड़ा गया। ऑपरेशन क्लीन स्वीप के अंतर्गत अभी तक 820 मुकदमे दर्ज कर जयपुर पुलिस कमिश्नेट में 1049 मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार हो चुके हैं।

0 टिप्पणियाँ