भीलवाड़ा ब्यूरो रिपोर्ट।

भीलवाड़ा जिले के अजमेर राजमार्ग पर शनिवार देर शाम केमिकल से भरा एक कंटेनर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। हादसे के बाद कंटेनर से केमिकल का रिसाव शुरू हो गया। केमिकल के रिसाव से मौके पर 18 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को भीलवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर मांडल थाना पुलिस ने 1 किलोमीटर के दायरे में आवागमन बंद करा दिया है। इस दौरान मौके पर जिला अस्पताल में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुस्ताक खान और अस्पताल अधीक्षक अरुण गोड पहुंचकर मरीजों का इलाज किया। घटना के बाद पुलिस ने दमकल वाहनों को भी मौके पर बुलवाया। जिनकी मदद से सड़क पर फैले केमिकल पर पानी डलवाया। जानकारी के अनुसार केमिकल टैंकर अजमेर से चित्तौडगढ़ की ओर जा रहा था। देर शाम यह टैंकर मांडल चौराहा ओवरब्रिज पर पहुंचा और बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गया। इसके चलते टैंकर से केमिकल का रिसाव होने लगा। केमिकल बहता हुआ ओवरब्रिज से नीचे तक चला गया। इसके चलते कैमिकल से निकली गैस आसपास के इलाके में फैल गई। देखते ही देखते आसपास के दुकानदारों के साथ ही राहगीर बेहोश होने लगे। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर मांडल थाना पुलिस मय जाब्ता मौके पर पहुंची। केमिकल से निकली गैस की चपेट में आए लोगों की संख्या बढ़ने की पुलिस ने आशंका जताई है।अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरुण गोड़ ने कहा कि अस्पताल में एक ही परिवार के चार लोगों सहित 6 लोगों को भर्ती कर उपचार किया गया है। इनमें प्रदीप पीपाड़ा, सुनीता, राशि और ऋषभ शामिल हैं। इन बीमार लोगों में 2 महिलायें, 4 पुरुष शामिल हैं। सभी को ट्रटीमेंट दे दिया गया है। सभी की ऑक्सीजन सेच्यूरेशन सही है। ये सभी खतरे से बाहर बताए गए हैं।