झालावाड़ से हरिमोहन चोडॉवत।
ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के लोगों के राजस्व सहित अन्य विभागों से जुड़े विभिन्न कार्यों तथा समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आज से झालावाड जिले मे भी प्रशासन गांवों व शहरों के संग अभियान के अन्तर्गत ग्राम पंचायत स्तर व शहरो मे शिविरों का आयोजन शुरू हुआ । इस दौरान जिले की पंचायत समिति झालरापाटन की ग्राम पंचायत डोंडा, बकानी की बड़बड़, खानपुर की बाघेर, भवानीमण्डी की गुराड़िया कला, डग की रनायरा, पिड़ावा की ग्राम पंचायत धरोनिया और मनोहरथाना में प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में ग्रामीणों ने उत्साह से भाग लिया अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। तो वहीं जिन लोगों की समस्याओं का समाधान हुआ व जिन लोगों ने पट्टे प्राप्त किए उन्होंने सेल्फी प्वाइंट पर जाकर भी सेल्फी भी खिंचवाई। वहीं प्रशासन शहरों के संग अभियान के अर्न्तगत जिला स्तरीय कार्यक्रम झालावाड़ के अंबेडकर भवन में आयोजित हुआ, जहां निर्धारित समय से 2 घंटे के बाद पहुंचे संभागीय आयुक्त व जिला कलेक्टर ने लोगों को पट्टे वितरित कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान संभागीय आयुक्त व जिला कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा लगाई गई स्टाॅल पर जाकर जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि इस तरह के शिविर के आयोजन से जनता को एक ही प्लेटफार्म पर समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।उन्होने आम जनता से इन शिविरों में भागीदारी कर अपनी समस्याओं के समाधान करवाने की भी अपील की।


0 टिप्पणियाँ