करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रमुख शासन सचिव तथा करौली के जिला प्रभारी सचिव अश्वनी भगत ने शनिवार को करौली नगर परिषद में आयोजित प्रशासन शहरों के संग अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में पट्टे वितरित किये।पट्टा प्राप्त करते समय लाभर्थियों के चेहरे प्रसन्नता से खिले हुए नजर आए। इस दौरान जिला कलेक्टर सिद्धार्थ सिहाग,आयुक्त नरसी मीना सहित जनप्रतिनिधि अधिकारी मौजूद थे। शिविर को संबोधित करते हुए प्रभारी सचिव भगत ने कहा कि राज्य सरकार की विशेष पहल पर आमजन को राहत देने के लिए राज्य में प्रशासन गांव के संग और प्रशासन शहरों के संग अभियान आज से शुरू किये गए हैं। राज्य सरकार की मंशा है कि लोगों के विभिन्न विभागों में अटके हुए काम आसानी से हों और उनको अधिकतम राहत मिले। ऐसे में हम सभी का यह दायित्व बन जाता है कि हम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभान्वित करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी, जनप्रतिनिधि इस बात का प्रयास करें कि राज्य सरकार की मंशा के मुताबिक अधिकतम लोगों को इन शिविरों का लाभ मिले। उन्होंने बताया कि शिविरों में ज्यादा लोगों को लाभान्वित करने के लिए विभिन्न नियमों और प्रक्रियाओं का सरलीकरण किया गया है। जरूरत इस बात की है कि आमजन जागरुक होकर इन शिविरों का लाभ उठाएं।
जिला कलेक्टर सिद्धार्थ सिहाग ने पट्टा प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रशासन शहरों के संग शिविर आम नागरिकों के लिए वरदान साबित होंगे।सभी को जागरूक रहकर आगामी शिविरों का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि इन शिविरों का अधिकतम लाभ लोगों को मिले व उनको राहत मिल सके। इस दौरान नगर परिषद आयुक्त ने बताया कि शिविर मे नगर परिषद क्षेत्र में 106 लोगों को पट्टा वितरण किए जाने का लक्ष्य रखा गया है जो तैयार कर लिये गये है और वितरित किये जा रहे है। इस दौरान शिविर के लाभार्थियों ने शिविर स्थल पर बनाये गए सेल्फी बूथ पर सेल्फी ली। शिविर में अतिरिक्त जिला कलेक्टर परसराम मीना, नगर परिषद क्षेत्र के पार्षद जनप्रतिनिधि,कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।
गीता देवी को मिला हाथो हाथ पीपीओ।
श्रीमती गीता देवी पत्नि गंगाधर निवासी ग्राम टिमकोली ग्राम पंचायत जमूरा मे 2 अक्टूबर को राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप शिविर आयोजित किया गया। जिसमे गीता देवी वृद्धावस्था पेंशन के लिये उपस्थित हुई और उसने अपना आवेदन शिविर मे ही प्रस्तुत किया। उसे इतना विश्वास नही था कि उसकी पेंशन हाथो हाथ मिलेगी लेकिन शिविर मे अधिकारियों द्वारा तुरंत ही उसकी तहसील स्तर से जांच कर उसको पेंशन स्वीकृति आदेश शिविर मे ही सौंपा तो श्रीमती गीता देवी अतिप्रसन्न हुई और उसने सरकार की इस पहल की तारीफ की। उसके लिये यह पेंशन घर आई पेंशन साबित हुई।
शिविर के दौरान हटाया अतिक्रमण, ग्रामवासियों को मिली राहत।
उपखंड टोडाभीम की ग्राम पंचायत सांकरवाडा मे प्रशासन गांव के संग अभियान के शुभारंभ अवसर पर ग्राम वासियों द्वारा कच्चा व पक्का निर्माण कर सडक पर अतिक्रमण कर लिया था। सडक का निर्माण 2014 मे किया गया था। ग्रामीणजनों द्वारा शिविर मे की गई शिकायत को आधार मानते हुए अधिकारियों ने शिविर के दौरान ही संपर्क सडक सांकरवाडा जिसकी लंबाई 2 किमी के लगभग है और यह सडक पाडला एवं भूडा को मुख्य सडक से जोडती है उसपर से अतिक्रमण हटाया और लोगो को मौके पर ही लाभ मिला। अतिक्रमण हटाने से पूर्व मे हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी।


0 टिप्पणियाँ