सवाईमाधोपुर से हेमेन्द्र शर्मा।

केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल रविवार को सवाई माधोपुर जिले के मलारना डूंगर उपखंड के दौरे पर रहे। जहां उन्होंने मलारना चौड़ कस्बा स्थित स्वामी आत्मानंद वैदिक गुरुकुल में आयोजित पांच दिवसीय महायज्ञ कार्यक्रम के समापन समारोह में शिरकत की । आत्मानंद वैदिक गुरुकुल के आचार्य सोमदेव महाराज ने बताया कि गुरुकुल में 6 अक्टूबर से पांच दिवसीय महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा था। जहां आज समापन समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कार्यक्रम में शिरकत करते हुए करीब 4 घंटे का लंबा समय स्वामी आत्मानंद वैदिक गुरुकुल में आचार्यों के साथ बिताया। महायज्ञ के समापन समारोह के दौरान एमडीएच मसालों के डायरेक्टर राजीव गुलाटी सहित देश भर की कई नामी-गिरामी हस्तियों ने भाग लिया। महायज्ञ के समापन के दौरान नागौर से मंगाए गए 4 क्विंटल 40 किलो देसी घी के द्वारा हवन का आयोजन किया गया।

जिसमें केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सहित कार्यक्रम में उपस्थित आचार्यों के साथ देश की कई नामी-गिरामी हस्तियों ने हवन में आहुतियां दी। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि। धार्मिक कार्यक्रमों से आपसी भाईचारा बढ़ता है। इसलिए समय-समय पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होना बेहद जरूरी है। महायज्ञ कार्यक्रम के समापन के बाद केंद्रीय मंत्री भाजपा के सशक्त बूथ सशक्त मंडल अभियान के तहत बूथ पर पहुंचे और पार्टी हित को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। मीडिया से बात करते हुए मंत्री मेघवाल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को नकारा साबित बताते हुए अघोषित बिजली कटौती,डीएपी खाद सहित प्रदेश में कानून व्यवस्था पर फेल होने पर गहलोत सरकार पर जमकर हमला बोला।