सवाईमाधोपुर से हेमेन्द्र शर्मा की रिपोर्ट।

सवाई माधोपुर जिले में इन दिनों डेंगू ,मलेरिया ,चिकनगुनिया ,वायरल सहित मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। हालात ये है कि 300 बेड के जिला अस्पताल में कोई बेड खाली नही है और अस्पताल के सभी वार्डो में मरीजो की भारी भीड़ है।मौसमी बीमारियों के चलते सबसे बुरा हाल जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड का है जहाँ एक एक बेड पर तीन से चार बच्चे भर्ती है। मौसमी बीमारियों के चलते बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए अस्पताल प्रशासन द्वारा अस्पताल में अतिरिक्त बेड लगाए गए है। इसके बावजूद मरीजो के लिए अभी भी बेड कम पड़ रहे है। मौसमी बीमारियों के चलते जिले में घर घर मे कोई ना कोई व्यक्ति किसी ना किसी बीमारी से पीड़ित है। जिसके चलते जिला अस्पताल में मरीजो की भीड़ लगी हुई है।


जिला अस्पताल के पीएमओ बी एल मीणा ने बताया कि मौसम परिवर्तन एंव मच्छर जनित बीमारियों के कारण पिछले करीब 20 दिनों से मरीजो की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी 1600 से 2000 चल रही है। रविवार के दिन भी जिला अस्पताल की ओपीडी 1000 से 1200 रहती है। पीएमओ ने बताया कि इन दिनों सर्वाधिक मरीज डेंगू ,चिकनगुनिया , मलेरिया और वायरल से पीड़ित है। जिसके चलते अस्पताल में मरीजो की भीड़ है। मौसमी बीमारियों का सर्वाधिक प्रभाव बच्चो पर पड़ रहा है। जिसके चलते बच्चे अधिक बीमार है ।अस्पताल प्रशासन की लाख कोशिश और व्यवस्थाओ के बावजूद जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में जबरदस्त भीड़ है एक एक बेड पर तीन से चार बच्चे भर्ती है। ऐसे में चिकित्सकों एंव अन्य चिकित्सा स्टॉफ को भी बच्चो के उपचार को लेकर भारी मशक्क्त करनी पड़ रही है। डेंगू,मलेरिया सहित अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर चिकित्सा विभाग द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे है ।बावजूद इसके अभी मरीजो की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिला अस्पताल में चिकित्सक पूरी तरह से मुस्तैद है। लेकिन मरीजो की भीड़ इतनी है कि बेड कम पड़ रहे है और चिकित्सक चाह कर भी कई मरीजो को भर्ती नही कर पा रहे है। जैसे तैसे गम्भीर मरीजों को बेड उपलब्ध करवाया जा रहा है।जिला अस्पताल की क्षमता से अधिक मरीज अस्पताल मे आ रहा है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन के समक्ष भी परेशानी खड़ी हो रही है। पीएमओ ने बताया कि अस्पताल में संसाधनो की उपलब्धता के अनुसार आवश्यक व्यवस्था की जा रही है और मरीजो को राहत देने का पूरा प्रयास किया जा रहा है । जिला अस्पताल जैसे ही हालात जिले के अन्य सरकारी एव निजी अस्पतालों के है यहाँ भी मरीजों की भीड़ है ।मरीजो की भीड़ को देखते हुए जहाँ अतिरिक्त बेड बढ़ाये जा रहे है वही अन्य वार्डो को भी मेडिकल वार्ड में तब्दील किया जा रहा है। लेकिन मरीजो की संख्या के आगे अस्पताल प्रशासन के सभी इंतजाम ना काफी साबित हो रहे है। पीएमओ के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक मरीजो की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना है । जिसके बाद ही मरीजो की संख्या में कमी आ पायेगी।