उदयपुर से भगवान प्रजापत की रिपोर्ट।

उदयपुर के वल्लभनगर और धरियावद में होने वाले उपचुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मिया चरम पर हैं। अंतिम दिनों में सभी राजनीतिक पार्टिया पूरा दमखम लगा रही है। मंगलवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तूफानी दौरा करते हुए एक साथ चार चुनावी सभाओं को संबोधित किया और दोनों विधानसभा क्षेत्र के लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की बात कही। इधर भाजपा प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह और प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया भी मंगलवार को दोनों विधानसभा क्षेत्र में व्यस्त रहे। सिंह ने वल्लभनगर में अलग अलग लोगों के साथ बैठक कर पार्टी के पक्ष में मतदान करने और करवाने की बात कही तो पूनिया धरियावद में पार्टी प्रत्याशी खेत सिंह मीणा के समर्थन में प्रचार-प्रसार करते दिखे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हेलीकॉप्टर से धरियावद विधानसभा के लसाड़िया कस्बे में पहुंचे, जंहा पर उन्होने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। गहलोत के साथ इस मौके पर कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। गहलोत ने स्थानीय मतदाताओं से कड़ी से कड़ी जोड़ने की बात कही। इसके बाद गहलोत झल्लारा में आयोजित चुनावी सभा में पहुंचे।

यहां पर कांग्रेस सीडब्ल्यूसी मेम्बर रघुवीर मीणा ने गहलोत सहित अन्य नेताओं का स्वागत किया। यहां पर गहलोत सहित अन्य नेताओं ने कांग्रेस प्रत्याशी नगराज मीणा के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर हमला बोला। गहलोत ने केन्द्र सरकार को हर मुद्दे पर विफल बताया। उन्होने कहा कि देश मे वर्तमान में जिस कदर महंगाई बढ़ रही हैं उसकी जिम्मेदार केन्द्र सरकार हैं। इसके अलावा सरकार का किसी पर कोई कंट्रोल नही हैं। गहलोत हेलीकॉप्टर से झल्लारा से मूंगाणा पहुंचे। यहां पर भी गहलोत ने भाजपा पर निशाना साधा। आमतौर पर एक ही विधानसभा में मुख्यमंत्री तीन जगहों पर चुनावी सभा को संबोधित नही करते हैं। लेकिन उपचुनाव में जिस तरह के हालात बने हुए हैं उससे भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेता किसी प्रकार का कोई जोखिम नही उठाना चाहते। ऐसे में गहलोत भी दोनों विधानसभा सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी को जिताने का पूरा प्रयास कर रहे हैं।

गहलोत ने कुराबड़ में की चुनावी सभा।

मुख्यमंत्री गहलोत ने मंगलवार को धरियावद में तीन अलग-अलग जगहों पर चुनावी सभा करने के बाद वल्लभनगर विधानसभा प्रत्याशी प्रीति कुंवर के पक्ष मे कुराबड़ क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित किया। मेवल क्षेत्र की 18 पंचायते वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में आती हैं। इसलिए यहां की जनता को लुभाने के लिए मुख्यमंत्री गहलोत खुद पहुंचे और चुनावी सभा में कड़ी से कड़ी जोड़ने की बात कही।

गहलोत ने गौतमलाल मीणा की तस्वीर पर अर्पित किये पुष्प।

गहलोत लसाड़िया में चुनावी सभा से पहले दिवंगत विधायक गौतमलाल मीणा के घर पहुंचे और उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित किये। उनके परिवारजनों से बात की। इस मौके पर गहलोत के साथ कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। गहलोत ने मीणा के पुत्र कन्हैयालाल से बात की और उनके पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया। हालांकि पुष्पाजंलि के फोटो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में इस बात की चर्चा हो गयी और कई तरह के राजनीतिक मायने सामने आने लग गये है। 

भाजपा के दिग्गज नेताओं ने संभाली कमान।

दोनों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए अब भाजपा के दिग्गज नेताओं ने कमान संभाल रखी हैं। भाजपा प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह मंगलवार को वल्लभनगर में दिन भर व्यस्त रहे। इस मौके पर सिंह ने अलग-अलग संगठनों के सदस्यों के साथ बैठक कर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की। प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया भी मंगलवार को उदयपुर संभाग के दौरे पर पहुंच गये। पूनिया ने मंगलवार को धरियावद विधानसभा क्षेत्र में प्रचार प्रसार किया। बुधवार को भी पूनिया वल्लभनगर और धरियावद में प्रचार-प्रचार करेंगे और पूरी ताकत झोकेंगे। इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया, सांसद सीपी जोशी सहित कई नेता लगातार दौरे कर रहे हैं और भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।