उदयपुर से भगवान प्रजापत।
उदयपुर मे निजी स्कूल की शिक्षिका का अपने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की जीत पर खुशी जाहिर करने के मामले ने मंगलवार को तूल पकड़ लिया। इस मामले को लेकर एबीवीपी के कार्यकर्ता स्कूल पहुंच गये और वहां पर तिरंगा लहरा दिया। इस मामले में दो सामाजिक संगठनों की ओर से सूरजपोल और सुखेर थाने में महिला टीचर के खिलाफ परिवाद भी दिया गया और शिक्षिका के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। कार्यकर्ताओं ने स्कूल परिसर में जोरदार नारेबाजी की शिक्षिका की इस हरकत को देशद्रोही बताया। हालांकि शिक्षिका के खिलाफ स्कूल ने पहले ही एक्शन ले लिया और स्कूल ने उन्हें बर्खास्त कर दिया। राजनीतिक और सामाजिक संगठन भी शिक्षिका के विरोध में उतर आए हैं। दरअसल, 24 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान के बीच टी-20 मुकाबले के बाद शिक्षिका नफीसा अटारी ने अपने वॉट्सऐप पर पाकिस्तान की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा था कि हम जीत गए।
ये वॉट्सऐप स्टेटस जब उनके सम्पर्क में एक अभिभावक ने देखा तो वो भड़क गए। इस मामले को लेकर नफीसा अटारी ने वीडियो जारी कर माफी मांगते हुए कहा है कि हम मैच देख रहे थे। हमने घर में ही दो टीम बांट ली थी। हम अपनी-अपनी टीम को सपोर्ट कर रहे थे। इसका ये मतलब नहीं था कि मैं पाकिस्तान को सपोर्ट कर रही हूं। किसी ने मुझे मैसेज किया कि आप पाकिस्तान को सपोर्ट कर रहे हो, हंसी-मजाक का मूड चल रहा था। मैंने हां कह दिया। इसका मतलब कहीं भी नहीं हैं कि मैं पाकिस्तान को सपोर्ट करती हूं। मैं भारतीय हूं और भारत से प्यार करती हूं। मैंने खुद एहसास किया कि ये गलत हो गया है तो मैंने स्टेटस डिलीट कर दिया।

0 टिप्पणियाँ