उदयपुर से भगवान प्रजापत।
भारतीय जनता पार्टी को किसानों की बात करने का अधिकार ही नही हैं। कांग्रेस की वर्तमान सरकार ने किसानों का 18 हजार करोड़ रूपए का कर्जा माफ किया। जबकि भाजपा की तत्कालीन वसुधंरा सरकार ने 8 हजार करोड़ रूपए का कर्जा माफी का बोलकर केवल 2 हजार करोड़ रूपए माफ किए और अब भाजपा किसानों के नाम पर आमजनता को गुमराह करने का नाम ले रही हैं। यह कहना हैं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का। उपचुनाव को लेकर चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे डोटासरा ने एयरपोर्ट पर मिडिया से बातचीत की और केन्द्र सरकार पर जमकर हमला बोला। किसानों की ओर से किये जा रहे आंदोलन के साथ बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दाम और महंगाई पर मोदी सरकार को आडे़े हाथों लिया। उन्होने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल रही हैं। भाजपा झूठ बोलकर सेना के शोर्य के आड़ में 2 बार केन्द्र में सरकार बना चुकी हैं। लेकिन अब ऐसा नही होगा। उपचुनाव को लेकर डोटासरा ने कहा कि दोनों विधानसभाओं में कांग्रेस मजबूत स्थिति में हैं। डोटासरा ने उपचुनाव में दोनों सीटों पर जीत का दावा किया हैं।
एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। निगम के पूर्व प्रतिपक्ष नेता दिनेश श्रीमाली ने 21 किलो की माला पहनाकर डोटासरा का स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री मांगी लाल गरासिया, पूर्व प्रदेश सचिव पंकज शर्मा, निर्वतमान जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा, पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया सहित कई लोग मौजूद थे।
डोटासरा की फिसली जुबान।
एयरपोर्ट पर मिडिया से बातचीत के दौरान डोटासरा की जुबान फिसल गयी। डोटासरा वीर सावरकर और महात्मा गांधी को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की ओर से दिये गये बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे तो एक बार नही बल्कि तीन बार गलत वर्ष का जिक्र कर दिया। उन्होने कहा कि राजनाथ सिंह महात्मा गांधी का कद छोटा करने में लगे हुए हैं। उन्होने कहा कि 2013 और 2015 में माफीनामा लिखा। डोटासरा ने यह भी कह दिया कि महात्मा गांधी 2015 में दक्षिणी अफ्रीका से आए थे। बाद में अपनी भूल सुधारते हुए डोटासरा ने कहा कि 1915 में महात्मा गांधी दक्षिणी अफ्रीका से आए थे और सावरकर ने 1911 में माफीनामा लिखा था।पूनिया पर कसा तंज।
डोटासरा ने एयरपोर्ट पर मिडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया पर तंज कसा। उन्होने कहा कि पूनिया उतना ही बोलते हैं जितना आरएसएस बोलने के लिए कहती हैं। उन्होने यह भी कहा कि पूनिया हो या कोई और भाजपा नेता सभी को आरएसएस ही तो चला रही हैं।
झल्लारा में चुनावी सभा में भाजपा पर किया हमला।
डोटासरा ने धरियावद विधानसभा में होने वाले उपचुनाव को लेकर झल्लारा में हुई चुनावी सभा को संबोधित किया। डोटासरा ने चुनावी सभा में मंच से भाजपा पर हमला बोला। उन्होने कहा कि भाजपा प्रदेश में विपक्ष की भूमिका भी ढंग से निभा नही पा रही हैं। कटारिया के ऑडियो वायरल होने के मामले में डोटासरा ने चुटकी लेते हुए कहा कि इससे भाजपा की स्थिति का पता चलता हैं। भाजपा के नेता एक मत नही हैं इसलिए कटारिया आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं। उन्होने कहा कि नेता प्रतिपक्ष इस तरह के बयान दे तो अच्छा नही लगता। सभा में डोटासरा के साथ सीडब्ल्यूसी मेम्बर रघुवीर मीणा के साथ कई स्थानीय नेता मौजूद रहे।वल्लभनगर और धरियावद में प्रचार प्रसार चरम सीमा पर।
वल्लभनगर और धरियावद सीट पर होने वाले उपचुनाव में राजनीतिक पार्टियों के बड़े नेता डटे हुए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति कुंवर शक्तावत स्थानीय नेताओं के साथ जनसम्पर्क कर रही हैं तो प्रभारी मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास नामाकंन के बाद यही पर डेरा डाले हुए हैं। खाचरियावास पंचायत और मंडल स्तर पर बैठक कर कांग्रेस के पक्ष में वोट करने की बात कह रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा भी वल्लभनगर में चुनावी सभा कर कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेगें। इधर भाजपा प्रत्याशी हिम्मत सिंह झाला के समर्थन में भाजपा के आला नेता प्रचार प्रसार में जुटे हैं। नेता प्रतिपक्ष कटारिया किसान सम्मेलन सहित कार्यकर्ताओं की ओर से पंचायत स्तर पर आयोजित बैठकों में भाग लेकर झाला को जीताने की अपील कर रहे हैं। चुनावी सभाओें में भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे पर जमकर प्रहार कर रही हैं। भाजपा से बगावत कर रालोपा से चुनाव लड़ने वाले उदयलाल डांगी के समर्थन में रालोपा के संयोजक हनुमान बेनीलवाल प्रचार प्रसार में कोई कसर नही छोड रहे हैं। बेनीवाल पूरे दिन में आधे दर्जन से ज्यादा सभाओं को संबोधित कर स्थानीय प्रत्याशी को जीताने की बात कर रहे हैं। बेनीवाल जनसम्पर्क के दौरान भाजपा और कांग्रेस के गठबधंन की बात जनता के बीच रख रहे हैं। बेनीवाल डांगी के समर्थन मे वोट कर भाजपा और कांग्रेस के मुंह पर तमाचा मारने की अपील कर रहे हैं। जनता सेना के रणधीर सिंह भींडर भी पूरी तरह से चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। भींडर अपने कार्यकर्ताओं के साथ जाकर एक एक पंचायत के लोगों की नब्ज टटोल रहे हैं। भींडर वल्लभनगर विधानसभा की पंचायतों का दौरा करने की कोशिश में जुटे हुए हैं ताकि लोगों से व्यक्तिगत मिल सकें और एक बार फिर जनता सेना के पक्ष में वोट कर सकें। बता दे कि जनता सेना का गठन उस समय हुआ था जब पूरे देश मे नरेन्द्र मोदी की लहर थी फिर भी वल्लभनगर की जनता से रणधीर सिंह भींडर को यहां से विधायक बनाकर विधानसभा में भेजा था। एक बार फिर उपचुनाव में भींडर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। इधर धरियावद विधानसभा में हो रहे उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस की सीधी टक्कर मानी जा रही हैं। कांग्रेस प्रत्याशी नगराज मीणा पूरे जोश में दिखाई दे रहे हैं तो पहली बार विधायक का चुनाव लड़ रहे खेत सिंह मीणा भी कार्यकर्ताओं के साथ जनसम्पर्क और चुनावी सभाओं को करने में पीछे नही हैं। मीणा के समर्थन में भाजपा के वरिष्ठ नेता गुलाब चंद कटारिया सभाए कर चुके हैं तो नगराज मीणा के समर्थन मे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चुनावी सभा को संबोधित कर चुके हैं। यहां पर दोनों ही पार्टियों की साख दाव पर लगी हुई हैं।

0 टिप्पणियाँ