प्रतापगढ़ से चंचल शांडिल्य की रिपोर्ट।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा सोमवार को धरियावद पहुंचे और विधायक उम्मीदवार नगराज मीणा के कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान डोटासरा ने मीडिया से भी बातचीत की। धरियावद चुनाव में भाजपा की आपसी फूट और नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया की पूछ कम होने की बात को लेकर डोटासरा ने भाजपा की प्रदेश में स्थिति को बदहाल बताया। धरियावद विधानसभा के उपचुनाव को लेकर नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया पर तंज कसते हुए डोटासरा ने कहा कि आज प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और कटारिया की कोई पूछ नहीं है। ऐसे में टिकट वितरण को लेकर भी इनकी आपसी फूट खुलकर सामने आई है। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया द्वारा अपनी सभाओं में दिवंगत विधायक गौतम लाल मीणा और उनके पुत्र पर दिए बयानों पर भी डोटासरा ने कहा कि टिकट वितरण में गुलाबचंद कटारिया की नहीं चलने की वजह से अब वह कुछ भी बोल रहे है। गोविंद सिंह डोटासरा ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्र सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ढाई साल की प्रदेश की सरकार में केंद्र सरकार की ओर से कोई भी विकास के कामों के लिए ना तो बजट दिया गया है और ना ही कोई विकास के काम करवाए गए हैं। प्रदेश सरकार द्वारा ढाई साल में किए गए विकास कार्यों के हवाला देते हुए डोटासरा ने धरियावद चुनाव को जीतने की भी बात कही। 

ब्लैक पेपर पर बरसे डोटासरा

धरियावद विधानसभा उपचुनाव को लेकर धरियावद पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा के ब्लैक पेपर जारी करने को लेकर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में काफी फर्क है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 25 में से 25 भाजपा सांसद कुछ नहीं ला पाए केवल भाषण देते हैं। भाषण देने से वोट नहीं मिलते इसके लिए काम करना पड़ता है। जो काम करता है उसको वोट मिलता है ब्लैक पेपर व्हाइट पेपर से कोई फर्क नहीं पड़ता है। प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 2023 में भी कांग्रेस की सरकार बनेगी। भाजपा की केंद्र सरकार ने ढाई साल में कोई कायम नहीं किया है। केंद्र सरकार को प्रदेश के 25 सांसद होने के नाते राजस्थान को सड़क और पानी के मामले में अलग से पैकेज देना चाहिए था लेकिन केंद्र सरकार ने कुछ भी नहीं किया। बीजेपी कांग्रेस 70 साल का हिसाब नहीं देने की बात कहती है लेकिन हम तो केंद्र से 7 साल का हिसाब पूछ रहे हैं। भाजपा के पास देने के लिए कुछ भी नहीं है ब्लैक पेपर जारी कर नौटंकी कर रहे हैं जनता सब जानती है।