कोटा ब्यूरो रिपोर्ट।
कोटा जिले के रामगंजमंडी विधानसभा विधायक मदन दिलावर विवादित बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं। एक बार फिर विधायक के बयान के कारण ग्रामीणों का पारा चढ़ गया है। ऐसे में चुनाव के इस दौर में भाजपा की मुश्किलें बढ़ सकती है।
दरअसल रामगंजमंडी की मंडा पंचायत में प्रशासन गांव के संग आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने विकास कार्य की मांग की तो विधायक मदन दिलावर और ग्रामीणों के बीच किसी बात को लेकर नोकझोंक हो गई। इस दौरान दिलावर ग्रामीणों से कह दिया कि खटीक हूं, उल्टा लटका दूंगा। विधायक के इस बयान से हंगामा और बढ़ गया। ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि रामगंजमंडी विधायक एक जनप्रतिनिधि हैं और ग्रामीणों के प्रति इस तरह का बयान उन्हें शोभा नहीं देता। वहीं ग्रामीण शंकर लाल गुर्जर ने कहा कि विधायक से गांव के विकास कार्य के लिए राशि की मांग की गई तो जिस पर वे इस प्रकार के आपत्तिजनक बयान दे रहे हैं। जनप्रतिनिधि होने के साथ वह पूर्व में मंत्री भी रह चुके हैं। ग्रामीणों से इस तरह बोलेंगे तो आने वाले चुनाव में भाजपा को कौन वोट देगा। सरपंच प्रतिनिधि बलराम गुर्जर ने कहा कि गांव में शिविर का आयोजन किया तभी विधायक मदन दिलावर से ग्रामीणों ने गांव की पुलिया बनाने की स्वीकृति मांगी तो विधायक ने मना कर दिया। जब ग्रामीणों ने नारेबाजी शुरू की तो विधायक ने बोला कि जात का खटीक हूं, कोई ब्राह्मण नहीं, उल्टा लटका दूंगा। इस पर ग्रामीण भी बोले कि हम भी गुर्जर हैं और हाथ में लाठी लेकर चलते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विधायक का बयान भाजपा को नुकसान पहुंचा सकता है।

0 टिप्पणियाँ