श्री गंगानगर से राकेश मितवा की खबर 

दीपावली के अवसर पर श्रीगंगानगर में इनकम टैक्स विभाग की विभिन्न व्यापारिक समूहों पर की गई जबरदस्त कार्यवाही से प्रॉपर्टी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है ।देर रात जयपुर से आए भारी भरकम आयकर विभाग के दर्जनों अधिकारियों के अमले ने श्रीगंगानगर के कांग्रेसी नेता अशोक चांडक के विभिन्न कारोबार कार्यालयों तथा प्रॉपर्टी व्यवसाई व कॉलोनाइजर मुकेश शाह के विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं एक अन्य प्रॉपर्टी व्यवसाई के के लड्ढा के 3 दर्जन से अधिक ठिकानों पर एक साथ आयकर विभाग का सर्वे शुरू किया। इससे इन समूह से जुड़े अन्य प्रॉपर्टी व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है और उन्होंने अपने अपने कार्यालय बंद कर भूमिगत हो गए हैं ।गौरतलब है कि मुकेश शाह पिछले दिनों शहर में कई बड़ी अरबों रुपए की प्रॉपर्टी खरीदने के मामले में काफी चर्चा में रहे थे। वही इन प्रॉपर्टीओं को विभिन्न कॉलोनाइजरों के जरिए ऊंचे दामों पर बिकवाने के मामले में कई प्रॉपर्टी डीलर भी शामिल रहे थे।

यूआईटी द्वारा अवैध रूप से काटी गई कई कॉलोनियों को लेकर बार-बार चेतावनी नोटिस भी लगाए जाते रहते हैं मगर फिर भी शहर में अवैध रूप से कॉलोनियों के कटने का सिलसिला लगातार जारी रहा। शहर में इन तीन चार प्रॉपर्टी व्यवसायियों द्वारा पिछले दो-तीन माह में किए गए अरबों रुपए के बड़े-बड़े सौदे को लेकर आयकर विभाग के कान खड़े हो गए, मगर स्थानीय आयकर विभाग द्वारा किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं होने तथा इन व्यापारियों के संबंध स्थानीय आयकर अधिकारियों से होने के चलते कोई कार्यवाही अभी तक नहीं हो पाई थी।

जयपुर से आई आयकर विभाग की टीम ने कारोबारी कांग्रेसी नेता अशोक चांडक के ब्लॉक एरिया स्थित मकान , ईंट भट्टा, शराब के कार्यालय  आदि पर छापे की कार्यवाही की जा रही है। गौरतलब है कि चांडक समूह के पंजाब में भी खनन से संबंधित कई कारोबार चल रहे हैं। वही मुकेश शाह के जयपुर तथा श्रीगंगानगर के कई ठिकानों पर भी एक साथ कार्यवाही की गई है आयकर विभाग की 50 से अधिक गाड़ियों के अमले ने अलग-अलग 28 स्थानों पर इस कार्यवाही को अंजाम दिया है। इस कार्यवाही में काफी कुछ नए खुलासे होने की संभावनाएं भी है क्योंकि इन सभी का कारोबार काफी बड़ा है। ऐसे में कार्यवाही लंबी चलने की संभावना है ।