उदयपुर भगवान प्रजापत।

उदयपुर की वल्लभनगर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में प्रचार प्रसार बंद होने के बाद राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संयोजक हनुमान बेनीवाल गुरुवार को पत्रकारों से रूबरू हुए और पार्टी प्रत्याशी उदय लाल डांगी के जीत का दावा किया। बेनीवाल ने मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए एक बार फिर गहलोत और वसुंधरा के गठबंधन की बात कही। उन्होंने कहा कि दोनों ने मिलकर इस प्रदेश को डुबोने का काम किया है। एक बार वसुंधरा और एक गहलोत के मुख्यमंत्री बनने से दोनों के द्वारा किए गए घोटाले कभी भी सामने नहीं आए हैं। बेनीवाल ने इस मौके पर केंद्र कि मोदी सरकार से अलग होने के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी पूरी तरह से किसानों की पार्टी है मोदी सरकार जब किसानों के लिए 3 बिल लेकर आई। उस समय पुरजोर तरीके से विरोध किया गया और जब उनकी बात नहीं सुनी गई तो उन्होंने एनडीए से गठबंधन तोड़ दिया। बेनीवाल ने गहलोत सरकार पर आरोप लगाया कि कांग्रेस ने केवल किसानों के कर्जे की माफी की बात कही लेकिन किसी प्रकार का कर्जा माफ नहीं हुआ। बढ़ती महंगाई पर बेनीवाल ने केंद्र और राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया एक और क्रूड ऑयल के दाम कम होने और राज्य सरकार की ओर से टैक्स कम नहीं करने से पूरे प्रदेश की जनता पिस रही है। हरियाणा में राज्य सरकार की ओर से टैक्स कम करने से पेट्रोल डीजल की कीमतें राजस्थान के प्रति लीटर ₹10 कम है लेकिन गहलोत सरकार की गलत नीतियों की वजह से प्रदेश की जनता को महंगाई से त्रस्त होना पड़ रहा है।