उदयपुर भगवान प्रजापत।
उदयपुर प्रवास पर रहे परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने एक बार फिर कांग्रेस प्रत्याशी की उपचुनाव में जीत का दावा किया। पत्रकारों से चर्चा करते हुए मंत्री खाचरियावास ने कहा कि गहलोत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के दम पर धरियावद और वल्लभनगर सीट पर ऐतिहासिक मतों से हमारी जीत होना तय है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास कहने को कुछ नहीं बचा है और हाल ही में पेगासस जासूसी मामले में सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी भी केंद्र सरकार के झूठ पर मुहर लगाती है। वे यहीं नहीं रुके उन्होंने वल्लभनगर में भाजपा के ही तीन अलग-अलग नेताओं द्वारा तीन प्रत्याशियों को मैदान में उतारने का दावा किया और कहा कि यह तीन प्रत्याशी प्रदेश भाजपा की फूट को यहां पर जग जाहिर करते हैं। खाचरियावास ने चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर के बीजेपी को लेकर दिए गए बयान पर भी पलटवार करते हुए कहा कि प्रशांत किशोर जानबूझकर विवादित टिप्पणी कर चर्चाओं में बने रहना चाहते हैं। खाचरियावास ने कहा कि बीजेपी क्यों महंगाई और पेट्रोल डीजल के दामों में बढ़ोतरी पर हल्ला बोल नहीं करती। जबकि प्रदेश की जनता तो मानो महंगाई के चलते फांसी लगाने को मजबूर हो रही है। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौड़, देहात जिला अध्यक्ष लाल सिंह झाला, पंकज शर्मा समेत आला नेता मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ