झालावाड़ से हरिमोहन चोडॉवत।

झालावाड़ जिले के पिड़ावा क्षेत्र के बाकीपुरा निवासी युवती पूजा मेहर की हत्या के मामले में प्रदेश अध्यक्ष सत्यवान मेहरा की अगुवाई में भीम आर्मी के सेकड़ो कार्यकर्ता बुधवार को सड़कों पर उतर आए। भीम आर्मी ने दलित युवती पूजा मेहर की हत्या के विरोध में कस्बे में रैली निकाली व एसडीएम कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। जिसके बाद 5 सूत्रीय मांगों को लेकर भीम आर्मी द्वारा मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से भीम आर्मी ने मांग की है कि युवती पूजा मेहर के हत्या का केस फास्टट्रैक कोर्ट में चलाया जाए और आरोपी जुबेर खान को  जल्द फांसी दी जाए। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी व केस की सीबीआई से जांच करवाने की मांग की।

गौरतलब है कि गत 8 अक्टूबर को झालावाड़ जिले के पिडावा क्षेत्र के बाकीपूरा गांव में एक सिरफिरे आशिक जुबेर खान ने 19 वर्षीय दलित युवती पूजा मेहर की चाकू से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। आरोपी ने युवती के सीने में भी चाकू से ताबड़तोड़ वार किए थे। जिसके बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर अपने आप को पुलिस के हवाले कर दिया था। आरोपी जुबेर खान पूजा मेहर से एक तरफा मोहब्बत करता था और पूजा का परिजनों द्वारा रिश्ता तय कर दिया था और जल्दी ही शादी करने वाले थे। ऐसे में सिरफिरे आशिक ने एक तरफा इश्क के चलते युवती पूजा मेहर की बेरहमी से जान ले ली थी।