सवाईमाधोपुर से हेमेन्द्र शर्मा।

 सवाईमाधोपुर में दो पक्षों ने आपसी रंजिश में एक-दूसरे पक्ष की एक बाइक सहित दो कारों को आग के हवाले कर दिया तथा फरार हो गए। सूचना मिलते ही हरकत में आई मानटाउन थाना पुलिस ने बाइकों को जब्त कर दोनों पक्षों के 9 लोगों को गिरफ्तार किया है।मानटाउन थानाधिकारी उदयसिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार आटूण निवासी विकास मीना व भूरी पहाड़ी निवासी आजाद मीना के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। पूर्व में भी इन दोनों के बीच मारपीट आदि की घटनाएं हुई है। 12 अक्टूबर को प्रात: घुड़ासी रोड पर विकास मीना बाइक से जा रहा था। इस दौरान आजाद मीना व उसके साथी बोलेरो कार से वहां पहुंचे तथा विकास मीना को टक्कर मारने का प्रयास किया। इसके चलते विकास मीना अपनी बाइक छोड़कर भागने में कामयाब हो गया। इस पर आजाद मीना व उसके साथियों ने बाइक से ही पेट्रोल निकालकर उस पर छिड़कर आग के हवाले कर दिया, जिससे बाइक पूरी तरह जल गई। घटना के बाद आरोपी आजाद मीना व उसके साथी फरार हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को जब्त कर थाने पहुंचाया। घटना के दिन शाम को ही विकास मीना अपने साथियों के साथ खैरदा किराए से रह रहे आजाद मीना के घर पहुंचे तथा बाहर खड़ी दो कारों को आग के हवाले कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मानटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया । पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक पक्ष के विकास मीना सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरे पक्ष के आजाद मीना सहित तीन लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने एक पक्ष के विकास मीना निवासी आटूण खुर्द, जसराम मीना निवासी खाण्डोज, राजेश मीना छारोदा, कुलदीप निवासी रामड़ी, देशराज मीना निवासी सिणोली तथा लक्ष्मीकांत निवासी देवपुरा को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरे पक्ष के आजाद मीना निवासी भूरी पहाड़ी, छुट्‌टन जागा निवासी तिलक नगर तथा लखन मीना निवासी गंभीरी थाना नैनवा को गिरफ्तार किया है । फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।