डूंगरपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
डूंगरपुर जिला स्पेशल पुलिस की टीम ने हवाला के 30 लाख रुपयों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जिसमें और भी कई खुलासा होने की संभावना है।जिला स्पेशल टीम के प्रभारी और कोतवाली थानाधिकारी के मुताबिक एक युवक के हवाला की राशि लेकर आसपुर की ओर जाने की सूचना मिली थी। इस पर डीएसटी के नवीन कुमार के नेतृत्व में टीम ने बिलड़ी के पास संदिग्ध बाइक चालक को रोककर पूछताछ की। युवक ने अपना नाम दिनेश पुत्र भगवान पाटीदार निवासी पुनाली बताया। युवक के पास से मिले बैग की तलाशी ली गई। उसमें 30 लाख रुपये की नकद राशि बरामद की गई। पूछताछ के दौरान युवक राशि के बारे में कोई सही जवाब नहीं दे सका, जिस पर डीएसटी ने राशि के साथ युवक दिनेश पाटीदार को हिरासत में ले लिया। युवक ने पूछताछ में बताया कि वह पूंजपुर में शीतल ट्रैवल्स का कर्मचारी है। बुधवार सुबह डूंगरपुर आया था और शाकुंतलम वाटिका के पास सतीश अग्रवाल के घर से 19 लाख रुपये लेकर गया था, जिसे पूंजपुर में अलग-अलग जगहों पर बांटने के बाद वापस डूंगरपुर में इसी जगह पर आया। इस बार 30 लाख रुपये लेकर पूंजपुर क्षेत्र में ही जा रहा था और इसे भी बांटना था। लेकिन इससे पहले डीएसटी ने युवक को पकड़ लिया। फिलहाल युवक से पूछताछ की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ