ब्यूरो रिपोर्ट।

राजधानी जयपुर के जमवा रामगढ़ थाना क्षेत्र के खतेहपुरा गांव में मंगलवार को खेत में मवेशी चराने गई 55 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी गई। हत्यारे महिला के दोनों पैर काटकर चांदी के कड़े निकाल ले गए। इसके अलावा महिला के गले से सोने का जंतर और कानों के टॉप्स भी लूट ले गए। पुलिस के अनुसार खतेहपुरा गांव निवासी 55 वर्षीय गीता देवी शर्मा मंगलवार दोपहर लगभग 1:00 बजे पशु चराने खेत में गई थी। महिला को अकेली देखकर बदमाशों ने धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी। इस घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। इसके बाद ग्रामीण मौके पर भाजपा नेता जगदीश मीणा और समाजसेवी बाबूलाल टीलावाला के साथ धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को 10 लाख की आर्थिक सहायता और एक जने को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। दूसरी ओर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम को घटनास्थल पर बुलाया। यहां टीम ने कुछ सुराग एकत्रित किए हैं। वही पुलिसकर्मियों ने मृतका के परिजनों से भी पूछताछ की है। वारदात के खुलासे के लिए 15 पुलिस टीम गठित की गई है।