जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
सरकारी मुख्य सचेतक डॉ. महेश जोशी ने वार्ता के बाद राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष उपेन यादव और अन्य पांच अभ्यार्थियों का अनशन तुड़वाया।मंगलवार देर रात शहीद स्मारक पर धरने पर बैठे बेरोजगार युवाओं के प्रतिनिधि मंडल की मुख्य सचेतक डॉ.महेश जोशी से वार्ता हुई जिसमें कुछ मांगों पर सहमति बनी। जबकि कुछ मांगों लेकर आज वार्ता किए जाने का निर्णय लिया। प्रतिनिधिमंडल से हुई वार्ता के बाद डॉ.जोशी एसएमएस अस्पताल पहुंचे और महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष उपेन यादव को जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया। वहीं अस्पताल में भर्ती पांच अन्य अनशनकारियों को अनशन भी समाप्त करवा गया। डॉ.जोशी ने कहा कि महासंघ की कई मांगें पहले ही पूरी हो चुकी हैं। मुख्य मांग भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ कड़ा कानून बनाने की घोषणा की जा चुकी है। रेडियोग्राफर टेक्नीशियन के पदस्थापन के आदेश जारी किए जा चुके हैं। कम्प्यूटर अनुदेशक भती का सिलेबस जारी हो चुका है। सीएम अशोक गहलोतने सभी रिक्त पदों पर भर्ती शीघ्र किए जाने के आदेश भी दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि महासंघ की जो अन्य मांगें शेष रही हैं उन पर वार्ता की जाएगी। गौरतलब है कि 21 सूत्रीय मांगों को लेकर राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के बैनर तले बेरोजगार युवाओं का शहीद स्मारक पर धरना पिछले दस दिनों से चल रहा है। धरने पर महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष ने आमरण अनशन शुरू कर दिया, तबीयब बिगडऩे पर उसे एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, उपेन ने यहां पर भी अपना अनशन जारी रखा। उपेन के साथ कइ अन्य बेरोजगार युवा भी अनशन पर थे और उनकी भी तबीयत खराब हो गई थी, ऐसे में उन्हें भी अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा था।

0 टिप्पणियाँ