श्रीगंगानगर से राकेश मितवा की खबर

श्रीगंगानगर के जिला कलक्टर जाकिर हुसैन ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार धान खरीद को लेकर सभी तरह की तैयारियां सुनिश्चित की जायें।

 जिला कलक्टर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाहॉल में धान खरीद को लेकर आयोजित बैठक में आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि 2005-2006 के बाद चावल की खरीद पहली बार की जा रही है। जिला कलक्टर ने कहा कि खरीद के साथ-साथ फसल का उठाव नियमित रूप से होना चाहिए तथा सभी खरीद केन्द्रों पर बारदाना पर्याप्त मात्रा में हो, ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। श्रीगंगानगर में चार मंडियां हैं जिनमें व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। ज़िला कलक्टर ने बताया कि इनमें गुणवत्ता व निर्देशानुसार धान की ख़रीद होगी। उन्होंने कहा कि किसान धान को सुखाकर ही मंडी में लाएं तथा अभी परमल चावल की ख़रीद की जाएगी । धान की ख़रीद के लिए कट्टों की व्यवस्था की गई है । ऑनलाइन सॉफ़्टवेयर पूरी तरह तैयार न हो पाने की वजह से ऑफ़लाइन ख़रीद के लिए लिखा गया है । फ़िलहाल धान बाज़ार में आना शुरू हुआ है । 1 नवंबर से ख़रीद प्रारंभ की जाएगी । ज़िला कलक्टर ने कहा कि मंडियों में आने वाले किसानों के लिये भी पर्याप्त पेयजल व छाया , बिजली , रेस्ट हाउस की व्यवस्था होनी चाहिए। खरीद केन्द्रों पर साईन बोर्ड लगे होने चाहिए।

बैठक में एडीएम प्रशासन भवानी सिंह पंवार, डीएसओ  राकेश सोनी, कृषि उपनिदेशक  जी.आर.मटोरिया, संयुक्त निदेशक कृषि विपणन शिव सिंह भाटी सहित फसल खरीद से जुड़े विभागों व ऐजेंसियों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।