गंगापुर और मंगरोप थानेदारों को हटाने के बाद अचानक तबादले से चर्चा में आए एसपी विकास शर्मा को अफसोस है कि वे गैंगस्टर राजू फौजी को नहीं पकड़ पाए। यह बात उन्होंने शुकव्रार को मीडिया से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि दो पुलिसकर्मियों के हत्यारे फौजी को नहीं पकड़ पाने की मन में कसक रह गई।

कांग्रेसी नेताओं के विवाद में अब सीएमओ की एंट्री

कांग्रेसी नेताओं के विवाद में एसपी को हटाने के तीसरे दिन बाद भी भीलवाड़ा शहर में नया एसपी नहीं लगाना चर्चा का विषय है। इधर, 73 साल में पहली बार एसपी की कुर्सी खाली रहने के कारण सरकार की किरकिरी हो रही है। इससे बचने के लिए अब सीएमओ के अधिकारियों की एंट्री हो गई है। वे कांग्रेसी नेताओं से बात करके एसपी के पद स्थापन का विवाद सुलझाने में लगे हैं।

लेकिन आश्चर्य है कि तीन दिन बाद शुक्रवार को आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची में भी भीलवाड़ा एसपी को नहीं लगाने से स्पष्ट है कि अभी भी कांग्रेसी नेताओं का विवाद थमा नहीं है। स्थानीय नेताओं में किसी भी नाम पर सहमति नहीं बनने के कारण फिलहाल सीएमओ के अिधकारी इनसे बातचीत कर बीच का रास्ता तलाश रहे हैं। इधर कांग्रेसी नेताओं के तीन खेमों ने एसपी के लिए अपने-अपने नाम जयपुर पहुंचाए हैं लेकिन अभी सीएमओ ने भी इन पर मुहर नहीं लगाई।

शाहपुरा एएसपी चंचल को एसपी का अतिरिक्त कार्यभार

शाहपुरा एएसपी चंचल मिश्रा को एसपी के पद का अस्थाई कार्यभार सौंपा गया है। नया एसपी नहीं आने तक मिश्रा ही काम देखेंगी। नए एसपी की ज्वॉइनिंग तक जिले के पुलिस विभाग में चल रहे विवाद के बीच पुलिस अधिकारियों से तालमेल िबठाना मिश्रा के लिए चुनौती है।