धौलपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

धौलपुर जिले के बाड़ी सदर थाना क्षेत्र से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 11बी पर अष्टमी के अवसर पर कैलादेवी माता मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे करीब 10 श्रद्धालु सदस्यों से भरे एक थ्री व्हीलर टेंपो की धौलपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही रोडवेज बस से भीषण भिड़ंत हो गई। अचानक हुए सड़क हादसे में थ्री व्हीलर टेंपो में सवार 10 श्रद्धालु में चीख पुकार मच गई। दुर्घटना में 2 श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार श्रद्धालु घायल और अन्य चोटिल हो गए। सुचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलो को अस्पताल मे भर्ती कराया। जहा पर उनका उपचार जारी है। मृतक श्रद्धालुओं में एक 27 वर्षीय विवाहित महिला व 60 वर्षीय बुजुर्ग शामिल है। घायलों में महिला, पुरुष के साथ बच्चे भी शामिल हैं। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे बाड़ी सर्किल के सीओ बाबूलाल मीणा ने बताया कि दुर्घटना में मंजेश (27) पत्नी रुपेन्द्र कुशवाह और विजेंद्र (50) पुत्र रामजीलाल कुशवाह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं 19 वर्षीय हसीना पुत्री श्याम सुंदर कुशवाह, 29 वर्षीय रूपेन्द्र पुत्र विजेन्द्र कुशवाह, 25 वर्षीय विमलेश पत्नी सत्यभान कुशवाह निवासी गांव झील का पुरा सरानीखेड़ा के साथ 45 वर्षीय कैलाशी पुत्र नेता जाटव निवासी गांव मिर्जापुर सरानी खेड़ा थाना सदर धौलपुर की गंभीर हालत के चलते बाड़ी चिकित्सालय से धौलपुर चिकित्सालय के लिए रेफर किया है।इसके अलावा 35 वर्षीय शमशेर खान पुत्र अलीसैन निवासी सरानीखेड़ा, 21 वर्षीय राहुल पुत्र रामप्रसाद कुशवाह, 26 वर्षीय सत्यभान पुत्र विजेन्द्र सिंह कुशवाह के साथ शिवम पुत्र सत्यभान उम्र 8 माह निवासी गांव झील का पुरा सरानी खेड़ा थाना सदर धौलपुर चोटिल हुए हैं। उन्होंने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को पुलिस ने बाड़ी राजकीय सामान्य चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है. जहां मृतकों के परिजनों की उपस्थिति में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

टेंपो के उड़े परखच्चे।

जानकारी के मुताबिक श्रद्धालुओं से भरे एक थ्री व्हीलर टेंपो में धौलपुर जिले के झील का पुरा सरानी खेड़ा से कैलादेवी दर्शनों के लिए गए थे। तथा बुधवार को श्रद्धालु कैलादेवी दर्शन कर वापस लौट रहे थे। लौटते वक्त राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 11बी पर चन्नी होटल के पास धौलपुर की तरफ से तेज रफ्तार में रॉन्ग साइड से आ रही रोडवेज बस ने टेंपो को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि श्रद्धालुओं से भरा टेंपो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के मौके पर चींख पुकार मच गई। हादसे के बाद वहां राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। जिन्होंने घटना से पुलिस के साथ एंबुलेंस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय राहगीरों के सहयोग से फंसी हुई सवारियों को थ्री व्हीलर टेंपो के अंदर से निकला।