उदयपुर से भगवान प्रजापत।

दुर्गाअष्टमी के मौके पर उदयपुर शहर और आसपास के सभी शक्तिपीठों पर भक्तों की भारी भीड़ रही। सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। कोरोना महामारी के असर के कम होने के बाद सरकार की ओर से दी गई छूट के चलते अष्टमी के मौके पर मंदिरों में सैकड़ों भक्त मौजूद थे। सुबह से ही दर्शनों के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। उदयपुर जिले के सबसे बड़े शक्तिपीठ ईडाणा माता मंदिर में अष्टमी के मौके पर हजारों लोगों ने माता रानी के दर्शन किए और इस महामारी से छुटकारा मिलने की प्रार्थना की। आपको बता दें, कि मेवल क्षेत्र के सबसे बड़े शक्ति पीठ ईडाणा माता मंदिर में नवरात्रि के दिनों में भक्तों की अच्छी खासी भीड़ रहती है। इधर अष्टमी के मौके पर कई जगहों पर कन्या पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मां के रूप में कन्याओं को पूजा गया। परंपरा है कि अष्टमी के दिन कन्याओं के पूजन से पुण्य प्राप्त होता है इसलिए उदयपुर शहर में अलग-अलग संस्थाओं की ओर से कन्या पूजन का कार्यक्रम रखा गया था।