सवाईमाधोपुर से हेमेन्द्र शर्मा।
तीन माह के बाद आज शुक्रवार को एक अक्टूबर को आखिरकार रणथंभौर नेशनल पार्क को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। रणथंभौर में एक अक्टूबर से नए पर्यटन सत्र का शुभारंभ होता है। ऐसे में आज शुक्रवार को नये पर्यटन सत्र के शुभारंभ पर सीसीएफ टीसी वर्मा ,एसीएफ संजीव शर्मा सहित अन्य वनाधिकारियों ने रणथंभौर भ्रमण पर आए सैलानियों का रणथंभौर के गणेश धाम स्थित मुख्य प्रवेश द्वार माला पहनाकर एंव तिलक लगाकर अभिनंदन किया और पर्यटक वाहनों को हरीझंडी दिखाकर नये पर्यटन सत्र का शुभारंभ किया । नये पर्यटन सत्र के शुभारम्भ पर वन विभाग द्वारा स्कूली बालक बालिकाओं को भी पार्क भ्रमण करवाया गया। सीसीएफ टीसी वर्मा ने बताया कि तीन माह बाद आज एक बार फिर रणथंभौर को पर्यटक भ्रमण के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि विगत दो सालों में कोरोना के चलते रणथंभौर पर्यटन को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। लेकिन इस बार उम्मीद है कि रणथंभौर पर्यटन इस बार अच्छा रहेगा और देश विदेश के सैलानी पार्क भ्रमण के लिए रणथंभौर पहुंचेंगे। नये पर्यटन सत्र को लेकर वन विभाग के अधिकारी कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।


0 टिप्पणियाँ