जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देगी। प्रियंका गांधी के निर्णय का मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी स्वागत करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा। गहलोत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को महिला राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दिए, लेकिन भाजपा आजतक किसी महिला को पार्टी का अध्यक्ष तक नहीं बना पाई है।

 सीएम गहलोत ने ट्वीट करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी की ओर से उत्तर प्रदेश में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने की घोषणा स्वागत योग्य है। महिला सशक्तिकरण कांग्रेस पार्टी का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा रहा है। कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी संसद में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण के लिए प्रयासरत रही हैं। भाजपा की महिला विरोधी सोच के कारण आज उत्तर प्रदेश में महिलाएं असुरक्षित हैं, लेकिन कांग्रेस महिलाओं का सशक्तिकरण कर भाजपा के इस कुशासन को समाप्त करेगी। दरअसल, उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देगी। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा एलान किया। प्रियंका ने कहा कि यह फैसला तमाम पीड़ित महिलाओं के साथ न्याय करेगा। प्रियंका ने नया नारा दिया, 'लड़की हूं लड़ सकती हूं'। कांग्रेस 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने के लिहाज से उतरप्रदेश की कुल 403 विधानसभा सीटों में से 161 पर महिला उम्मीदवार उतारेगी। प्रियंका गांधी के इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर, लड़की हूं लड़ सकती हूं' के नाम से कांग्रेस नेता नारा दे रहे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया के जरिये, 'लड़की हूं लड़ सकती हूं’ का नारा दिया।