उदयपुर से भगवान प्रजापत।

उदयपुर संभाग की वल्लभनगर और धरियावद विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह सोमवार को तीन दिवसीय प्रवास पर उदयपुर पहुंचे।  महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अरूण सिंह का स्वागत किया। इस मौके पर सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए दोनों विधानसभा सीट पर भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने गहलोत सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि सरकार के काम से जनता परेशान है।

भाजपा की जीत को लेकर कोई भ्रम नहीं। अरुण सिंह ने एक दुपट्टा ओढ़ा कर कहा कि मैं अभी हिम्मत सिंह झाला को वल्लभनगर से जीत का दुपट्टा ओढ़ाता हूं, इसलिए किसी को भाजपा की जीत को लेकर कोई भ्रम नहीं होना चाहिए।

महंगाई के मुद्दे पर गहलोत सरकार पर साधा निशाना।

बढ़ती महंगाई को लेकर मीडियाकर्मियों की ओर से पूछे गये सवाल पर उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार को पेट्रोल डीजल पर टैक्स कम करना चाहिए और आमजन को राहत पहुंचानी चाहिए। गांव का विकास किया नहीं, बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिया नहीं, सरकार ने काम किया होता तो इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में अपनी उपलब्धि लेकर जाते लेकिन गहलोत सरकार ने राजस्थान में कोई ऐसा काम नहीं किया। जिसे लेकर वह आमजनता के पास जा सकें। गहलोत सरकार में जंगलराज हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के साथ राजस्थान के किसान भी हैं। राजस्थान सरकार के जितने भी मंत्री और विधायक हैं, वे भयंकर लूट कर रहे हैं। राजस्थान में बजरी माफिया और अपराध के ग्राफ में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कांग्रेस सरकार में आपसी फूट है और इसके कारण मंत्रिमंडल विस्तार भी नहीं हो पा रहा है। गहलोत सरकार अब ज्यादा दिन नहीं टिकेगी उन्हें पता हैं।

बेहद दिलचस्प होगा मुकाबला।

वल्लभनगर और धरियावद के चुनाव में सिर्फ 5 दिन का वक्त शेष रहा हैं। ऐसे में भाजपा, कांग्रेस और अन्य पार्टियां किसी तरह की कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती। हालांकि हॉट सीट वल्लभनगर हैं, जहां मुकाबला बेहद दिलचस्प नजर आ रहा हैं। दरअसल, लंबे समय के सूखे को खत्म करने के लिए भाजपा ने अपने युवा प्रत्याशी हिम्मत सिंह झाला को मैदान में उतारा है। वल्लभनगर का मैदान भाजपा के लिए इस बार भी आसान नहीं है क्योंकि भाजपा के ही पूर्व उम्मीदवार उदय लाल डांगी भी आरएलपी से मैदान में हैं। इसलिए यह मुकाबला और रोचक नजर आ रहा है। वहीं, जनता सेना सुप्रीमो रणधीर सिंह भिंडर भी लगातार चुनावी प्रचार-प्रसार के साथ जीत का दावा कर रहे हैं।

उपचुनाव मे आला नेताओं को जमावड़ा।

कांग्रेस हो या भाजपा दोनों राजनीतिक पार्टियों ने उपचुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी हैं। केन्द्र सरकार कैबीनेट मंत्री लगातार दोनों विधानसभाओं का दौरा कर रहे हैं तो कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता उपचुनाव में पूरी तरह से लगे हुए हैं। वल्लभनगर सीट पर कांग्रेस पूरी ताकत झोंक रही हैं। कांग्रेस के आला नेताओं का मानना हैं कि यहां पर एक बार फिर सहानुभूति का लाभ मिलेगा और कांग्रेस के प्रत्याशी की जीत होगी, इधर धरियावद सीट पर पूर्व विधायक नगराज मीणा को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया हैं और मीणा के समर्थन में आला नेता प्रचार - प्रसार कर रहे हैं। इतना ही नही मंगलवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और अजय माकन एक ही विधानसभा में तीन अलग-अगल जगहों पर चुनावी सभा को संबोधित करने वाले हैं। भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में अब तक केन्द्रीय मंत्रियों और भाजपा के कई राष्ट्रीय नेता का दौरा हो चुका हैं और प्रचार-प्रसार में कोई कसर नही छोड़ना चाहते।

मुख्य दलों को दे रहे तीसरे दल के प्रत्याशी टक्कर।

वल्लभनगर विधानसभा सीट पर भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के रालोपा और जनता सेना के प्रत्याशी सिर दर्द बने हुए हैं। दोनों ही मुख्य दलों के प्रत्याशियों को रालोपा के उदयलाल डांगी और जनता सेना के रणधीर सिंह भींडर कड़ी टक्कर दे रहे हैं। इधर धरियावद सीट पर भी कुछ ऐसा नही नजारा सामने आ रहा हैं। यहा पर भाजपा के खेत सिंह मीणा और कांग्रेस के नगराज मीणा को बीटीपी के प्रत्याशी से कड़ी टक्कर मिल रही हैं। 

गहलोत का संभावित दौरा।

26 अक्टूबर को मुख्यमंत्री गहलोत और अजय माकन धरियावद सीट पर तीन अलग अलग जगहों पर चुनावी सभा को संबोधित करने वाले हैं तो वल्लभनगर विधानसभा के कुराबड़ क्षेत्र में भी मुख्यमंत्री गहलोत की सभा संभावित हैं। कुराबड़ में होने वाली सभा को लेकर विधायक डॉ. दयाराम परमार ने सभा स्थल का जायजा लिया और तैयारियो को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। परमार ने स्थानीय कार्यकर्ताओं की बैठक लेते हुए मुख्यमंत्री की संभावित सभा में भीड़ जुटाने का आह्वान किया।