ट्रांसपोर्ट नगर में साेमवार काे एक ट्रांसपाेर्टर को धमकाने और ब्लेकमेल करने का मामला सामने आने के बाद कथित पत्रकार अनिल मालिक के खिलाफ शहर के पीडि़त व्यापारी धीरे-धीरे सामने आने के साथ ही पुलिस काे रिपाेर्ट भी दे रहे हैं। प्रतापनगर थाने के बाद रविवार काे सुभाषनगर थाने में भी शहर के दो और व्यवसायियाें ने धमका कर विज्ञापन के नाम पर वसूली करने का आरोप लगाते हुए रिपाेर्ट दी, जिस पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। वहीं ट्रांसपोर्टर को धमकाने व ब्लेकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार कथित पत्रकार काे रविवार न्यायाधीश के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया। सुभाषनगर एसएचओ पुष्पा कासौटिया ने बताया कि ललित रामचंदानी व दिलीप हेमनानी ने भी कथित पत्रकार के खिलाफ रिपोर्ट दी जिसमें बताया कि ललित की कृषि मण्डी व दिलीप की निजी बस स्टैण्ड के पास प्रोविजन व जनरल स्टोर है। रिपोर्ट में बताया गया कि कथित पत्रकार मलिक ओम भास्कर अखबार का सम्पादक बताकर विज्ञापन के लिए दबाव बनाता था। दुकान आकर दो साल में करीब चार बार 10-10 हजार रुपए की मांग कर रहा था। रुपए देने से मना करने पर किसी भी मामले में थाने में बंद करने की धमकी दे रहा था। पुलिस ने व्यवसायियाें की संयुक्त रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। वहीं प्रतापनगर पुलिस ने ट्रांसपाेर्टर राजमल अग्रवाल की रिपाेर्ट पर शनिवार काे धमकाने और अवैध रूप से वसूली करने की मांग के आराेप में गिरफ्तार कर कथित पत्रकार अनिल मलिक काे न्यायाधीश के समक्ष पेश किया, जहां से जेल भेज दिया। कथित पत्रकार के साथ ब्लेकमेल मामले में कुछ और लोगों के शामिल हाेने की भी बात कही जा रही है। इसे लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।