करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ सोमवार को जिला मुख्यालय पर होली खिडकिया बाहर जयसिंह पुरा आंगनबाडी केन्द्र पर सीएमएचओ डॉ. दिनेशचंद मीना ने बच्चों को कृमि नाषक एल्बेंडाजॉल की टेबलेट खिलाकर किया। इसी क्रम में एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में भी सीएमएचओ एवं पीएमओ डॉ पूरणमल वर्मा ने 19 वर्ष तक की एएनएम प्रशिक्षणार्थियों को भी कोविड गाईड लाईन की पालना सहित एल्बेंडाजॉल टेबलेट खिलाई। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए सीएमएचओ डॉ. मीना ने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान आज से शुरू होकर 30 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें आगंनबाड़ी केन्द्रों, सब सेंटरों, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रो पर 1 से 19 वर्ष के सभी बच्चों व किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक एल्बेंडाजोल गोली निशुल्क खिलाई जायेगी। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक विकास, हीमोग्लोबिन स्तर पोषण स्तर और बौद्धिक विकास पर हानिकारक प्रभाव डालता है। कृमि बच्चों के पेट में पडने वाले कीडे होते हैं, जो बच्चों के विकास पर हर प्रकार से प्रभावित करते हैं और कृमि के फैलाव को निश्चित समयांतराल पर कृमि मुक्त (डिवर्मिग) कर रोका जा सकता है। जिसके लिए सभी अभिभावक कृमि नाषक दवा एल्बेंडाजॉल की गोली अपने बच्चों को अवश्य खिलवायें। जिलास्तरीय शुभारंभ के दौरान यूपीएचसी प्रभारी डॉ. आशीष शुक्ला, डीआईइसी लखनसिंह लोधा, पीएचएम स्नेहलता सहित एएनएम-आशा,सीएचए मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ