उदयपुर से भगवान प्रजापत की रिपोर्ट।

मानसून का अंतिम दौर उदयपुर में 3 अक्टूबर तक रहने वाला है और अंतिम दौर में अच्छी बारिश होनी की संभावनाए जताई जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 3 अक्टूबर तक उदयपुर में बरसात जारी रहेगी। इसके बाद मानसून लौट जाएगा। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि 3 अक्टूबर तक उदयपुर में अच्छी बरसात होती है तो जो झीलें खाली हैं वो भी भर जाएगी। उदयपुर में अबतक 501 एमएम बरसात हुई है। मौसम विशेषज्ञ प्रो. नरपत सिंह राठौड़ ने बताया मानसून का 12वां दौर 2 अक्टूबर तक खन्ड बरसात के रूप मे सक्रिय रहेगा। इन दिनों मेवाड़, वागड़ और हाड़ौती में यह दौर सक्रिय रह सकता हैं। वहीं अगले सप्ताह के प्रारंभ मे मानसून राजस्थान से समाप्त हो जाएगा। प्रो. राठौड़ ने बताया कि अब तक जो बरसात हुई है उससे मेवाड़ सहित राजस्थान भर में सामान्य मानसून की पुष्टि हो गई है। 


छोटा मदार 20 फीट पहुंचा, 2 झीलें अभी भी खाली।

सितम्बर के पूरे महीने में अच्छी बरसात के बावजूद उदयपुर की तीन अहम झीलें अभी भी खाली है। ऐसे में जल संसाधन विभाग उम्मीद कर रहा है कि अगर अगले तीन दिन में 1 भी अच्छी बरसात कैचमेंट में हो जाती है तो ये झीलें भर सकती है। 13 फीट क्षमता वाली फतहसागर का जलस्तर फिलहाल 11 फीट 7 इंच है। यह अब भी लगभग 1.3 फीट खाली है। वहीं उदयसागर भी अभी 2.5 फीट से ज्यादा खाली है। हालांकि छोटा मदार तालाब में लगातार आवक होने से यह 20 फीट भर चुका है। यह अब महज 1 फीट खाली रहा है।