उदयपुर से भगवान प्रजापत।
इन दिनों चोरों ने उदयपुर शहर के बजाय ग्रामीण क्षेत्रो को अपना निशाना बना रखा हैं। चोर ग्रामीण क्षेत्रों में बेखौफ होकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। मावली क्षेत्र के एक गांव में चोरों ने दो सूने घरों को निशाना बनाया है। चोर मेन गेट के ताले तोड़कर अंदर घुसे और चांदी के पायजेब के साथ सिक्के सहित करीब 30 हजार की नकदी चुरा ले गये। दोनों ही घरों के मालिक उदयपुर शहर में रहते हैं, ऐसे में घरों पर ताला लगा हुआ था। चोरों ने इस दौरान गांव के दो अन्य घरों में भी चोरी के प्रयास किए, मगर ग्रामीणों के जागने पर चोर भाग गए। जानकारी के अनुसार शोभजी का खेड़ा गांव में चोरों ने उदय सिंह चुंडावत और उनके भतीजे पुष्पेंद्र सिंह चुंडावत के घर को निशाना बनाया। मेन गेट के बाद अंदर भी कमरों और अलमारी के ताले तोड़कर चोरों ने सेंधमारी की। उदयसिंह रिटायर्ड पुलिस अधिकारी हैं। उदयसिंह के घर से चोरी करने के बाद चोर पुष्पेंद्र सिंह के घर की छत से होते हुए अंदर घुसे और वहां भी चोरी की। चोरी की सूचना के बाद डबोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया।


0 टिप्पणियाँ