डूंगरपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
डूंगरपुर मे सात दिन पहले जन्मी बेटी से मिलने आए पिता की बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक सुभाष डामोर बांसवाडा के केलूकुआं गांव का रहने वाला है। सुभाष की बाइक जिस दूसरी बाइक से टकराई, उसका चालक फरार है। चौरासी थानाधिकारी भेमजी ने बताया गुलाबचंद डामोर निवासी केलूकुंआ थाना आनंदपुरी बांसवाड़ा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इसमें बताया है कि उसका 30 वर्षीय बेटा सुभाष डामोर गत 8 अक्टूबर को अपने ससुराल डूंगरपुर के चौरासी थाना क्षेत्र के हड़मतिया गांव आया था। 10 अक्टूबर को उसकी पत्नी रेखा डामोर ने बेटी को जन्म दिया। बेटी को मिलने के बाद इस शनिवार को सुभाष डामोर लिखी गांव में अपने परिचित से मिलने गया था। मुलाकात के बाद वह शाम को बाइक से लौट रहा था कि हड़मतिया गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सुभाष के सिर और हाथ-पैर पर गंभीर चोंटे आई। वहीं दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल सुभाष को डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इससे बेटी पैदा होने की खुशियों मनाने में लगे परिवार में मातम पसर गया। घटना की सूचना पर पत्नी रेखा का बुरा हाल हो गया। मृतक सुभाष समेत 9 भाई बहन हैं। इसमें 5 बहनें और 4 भाई हैं। सूचना पर चौरासी थाना पुलिस मौके पर पंहुची और घटना की जानकारी लेने के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया। रविवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। दूसरे बाइक चालक की तलाश की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ