सवाईमाधोपुर से हेमेन्द्र शर्मा।

सवाई माधोपुर नगर परिषद द्वारा शुक्रवार को जिला मुख्यालय के इंद्रा मैदान में लगे मेले को बल पूर्वक हटवाया गया । इस दौरान नगर परिषद की टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए टेबल कुर्सी सहित कई सारा टेंट का सामान भी जब्त किया गया । नगर परिषद आयुक्त नवीन भारद्वाज के नेतृत्व में नगर परिषद टीम ने जेसीबी और ट्रैक्टर ट्रॉली की सहायता से पुलिस की मौजूदगी में बल पूर्वक मेले में लगी दुकानों को बंद करवाया और इंद्रा मैदान से मेले को हटवाया गया । नगर परिषद आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया कि इंद्रा मैदान में व्यापारियों द्वारा  प्रशासन की बिना अनुमति के टेंट व तंबू लगाकर मेले का आयोजन कर विभिन्न प्रकार के सामानों की दुकाने लगाई गई थी । पटवारी भर्ती परीक्षा के मध्यनजर प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों के वाहन पार्क करने एंव परीक्षार्थियों के लिए वाहन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए इंद्रा मैदान को चिन्हित किया गया है। इंद्रा मैदान में लगे मेले को हटाने के लिए नगर परिषद द्वारा मेले का आयोजन करने वाले लोगो से तीन दिन से मेला हटा कर इंद्रा मैदान को खाली करने का आग्रह किया जा रहा है । लेकिन मेले के आयोजन से जुड़े लोगों द्वारा इंद्रा मैदान से मेला नही हटाया गया। ऐसे में मजबूरन नगर परिषद द्वारा बल पूर्वक कार्यवाही करते हुए आज इंद्रा मैदान पर लगे मेले को हटवाया जा रहा है।आयुक्त का कहना है कि मेले को हटाने के बाद इंद्रा मैदान की सफाई की जाएगी । ताकि पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान परिक्षार्थियों के वाहन पार्क किये जा सके और परीक्षार्थियों को इंद्रा मैदान और वाहन सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।