उदयपुर से भगवान प्रजापत।

उदयपुर पुलिस की जिला स्पेशल टीम ने छोटा मेवाती के साथी फयाज खान को धर दबोचा है। फयाज बुलेट पर एमपी से नई पिस्टल और कारतूस खरीदकर उदयपुर की ओर लौट रहा था, तभी डीएसटी और खेरोदा थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी शहर के अंबामाता थाने की हिस्ट्रीशीटर है और छोटा मेवाती के साथ दुष्कर्म मामले में सह-आरोपी भी है। बताया जा रहा हैं कि फयाज खान की पुस्तैनी जमीन का विवाद अकरम खान के साथ पिछले लम्बे समय से चल रहा हैं और अकरम खान पर फायरिंग करने की नियत से पिस्टल और जिंदा कारतूस लेकर आया था। 

डीएसटी प्रभारी दिलीप सिंह झाला ने बताया कि बीते दिनों उदयपुर कोर्ट परिसर से भागे हुए शातिर अपराधी छोटा मेवाती की तलाश की जा रही है। इनपुट मिला कि छोटा मेवाती का साथी रहा हुआ फ़याज खान उर्फ़ दादा जो गैंगरेप के मामले में भी सह-आरोपी था। वह दो तीन दिन से शहर में बुलेट लेकर घूम रहा था और बुधवार को चित्तौड़गढ़ की तरफ़ गया। गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपी के नम्बर प्राप्त कर सर्विलांस रखा गया तो सामने आया कि फयाज नीमच से देर रात या अलुसबह तक वापस लौटेगा। हेड कांस्टेबल धर्मवीर सिंह, प्रह्लाद पाटीदार और रविंद्र ने खेरोदा हाइवे पर थानाधिकारी प्रवीण सिंह के साथ नाकाबंदी की। इस दौरान बुलेट सवार एक युवक को रोककर तलाशी ली तो उसके क़ब्ज़े से नई पिस्टल और दो राउंड बरामद हुए। युवक ने पूछताछ में अपना नाम फ़याज खान उर्फ़ दादा निवासी मल्लातलाई बताया। झाला ने बताया कि फयाज अंबामाता थाने का हिस्ट्रीशीटर है। आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास, अवैध हथियार रखने,मारपीट,चोरी और पूर्व में एक व्यक्ति से पाँच लाख की फिरौती माँगने, गैंगरेप के क़रीब एक दर्जन मुक़दमे दर्ज है।