जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव ने जेल से रिहा होने पर सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार मुझे गिरफ्तार कर सकती है। लेकिन बेरोजगारों की आवाज नहीं दबा सकती है। ऐसे में जब तक रीट और सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा की एसओजी से जांच होने के साथ दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी। तब तक प्रदेशभर के लाखों बेरोजगारों का आंदोलन जारी रहेगा।उपेन ने कहा कि राजस्थान में एक बड़ा नकल गिरोह काम कर रहा है। जो हर भर्ती परीक्षा से पहले ही पेपर आउट कर लाखों बेरोजगारों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। जिसमें कई राजनेता भी शामिल हैं। जिन्हें में जल्द ही बेनकाब करूंगा। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। तभी प्रदेश के लाखों बेरोजगारों को न्याय मिल सकेगा। इसके साथ ही प्रदेश में नकल पर नकेल कसने के लिए कानून भी बनाया जाना चाहिए। तभी भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लग पाएगा। राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव ने बताया कि फिलहाल आंदोलन खत्म नहीं हुआ है। फिलहाल बेरोजगारों के विरोध के बाद मुझे सरकार से वार्ता के लिए बुलाया गया है। जहां मैं मुख्यमंत्री के सामने बेरोजगारों की मांग रखूंगा। ऐसे में अगर 7 दिन में सरकार बेरोजगारों की मांग पूरी नहीं करेगी। तो प्रदेशभर के युवा एक बार फिर सड़क पर उतर सरकार के खिलाफ आर पार की लड़ाई लड़ेंगे। बता दे, 30 सितंबर को रीट और सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में हुई धांधली के खिलाफ प्रदेशभर के युवा उपेन यादव के नेतृत्व में जयपुर में महापड़ाव डालने वाले थे। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उपेन को 3 महीने पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर उपेन को रिहाई को लेकर कैंपेन शुरू हो गया। जो देशभर में नंबर वन ट्रेंड करने लगा। वहीं युवाओं के बढ़ते विरोध के बाद गुरुवार देर शाम पुलिस ने उपेन को रिहा कर दिया। जिसके बाद उपेन बेरोजगारों के साथ में एक बार फिर आंदोलन की रणनीति बनाने में जुट गए हैं।