जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान प्रदेश में मानसून की मेहरबानी हो रही है। शनिवार को राजधानी जयपुर सहित कई जिलो मे में बारिश का दौर शुरू हुआ। शहर के कई इलाकों में तेज तो कहीं पर रिमझिम बारिश हो रही है। बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है और मौसम भी खुशनुमा हो गया है। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की विदाई होने वाली है। 7 अक्टूबर के बाद मानसून की विदाई पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में शुरू हो जाएगी। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदेश में शनिवार और रविवार को बारिश का दौर जारी रहेगा। जयपुर, अजमेर, नागौर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, प्रतापगढ़, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, पाली और कोटा समेत कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। 4 अक्टूबर के बाद हवा की दिशा बदल जाएगी।बता दें कि शुक्रवार को भी राजधानी जयपुर समेत झालावाड़, नागौर, झुंझुनू , सीकर, पाली, बीकानेर, जोधपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई थी। शुक्रवार सुबह से ही तेज गर्मी और धूप का मौसम बना हुआ था, लेकिन शाम को अचानक मौसम का मिजाज बदला और बारिश शुरू हो गई। शुक्रवार को हुई बारिश से लोगों को गर्मी से भी राहत मिली। हालांकि कई जगहों पर बारिश के कारण वाहनों का जाम भी लग गया था। सी- स्कीम, अजमेर रोड, टोंक रोड समेत शहर में कई सड़कों पर लोग जाम में फंसे रहे थे। राजधानी जयपुर में आज शनिवार को शुरू हुई बारिश से लोगों को काफी राहत मिली है। कई इलाकों में जोरदार बारिश होने से सड़कों पर भी पानी भर गया। नालियां उफनकर सड़कों पर बहने लग गई। जयपुर के जल महल के आसपास रामगढ़ मोड़ शंकर नगर, गोविंद नगर, जयसिंहपुरा खोर, बास बदनपुरा, ईदगाह समेत कई जगह पर बारिश का पानी सड़कों पर बहने लगा। कई जगहों पर सड़कें खराब होने की वजह से गड्ढों में पानी भर गया और लोगों को आवाजाही में काफी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।


0 टिप्पणियाँ