अवनीश पाराशर।
करौली जिले के डांग क्षेत्र के गुरदह गांव में आयोजित प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर में पूर्व मंत्री सपोटरा विधायक रमेश मीणा ने शिरकत की। शिविर में विधायक ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। साथ ही ग्रामीणों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। शिविर में मंडरायल एसडीएम प्रदीप चौमाल, तहसीलदार भोलाराम विकास अधिकारी विजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने श्रम विभाग, समाज कल्याण, सहकारिता, कृषि विभाग चिकित्सा विभाग राजस्थान परिवहन निगम सहित अन्य विभागों के अधिकारियों से शिविर में लाभान्वित किए गए लोगों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को शिविर से पूर्व ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की जानकारी देने और उनकी समस्याओं का संवेदनशील रहकर समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने गुरदह से बथुआ को सड़क निर्माण, पेयजल समस्या, गांव में चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने, प्रश्न चिकित्सा केंद्र पर दवाएं उपलब्ध नहीं होने, बिजली समस्या आदि की शिकायत रखी। इस पर विधायक ने एसडीएम और संबंधित अधिकारियों को समस्या समाधान के निर्देश दिए। शिविर में विधायक ने 45 लाभान्वितो को पट्टे वितरित किए। साथ ही 72 जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री सुरक्षा योजना के 486 आवेदन तैयार कराए गए। इस मौके पर गुरदह सरपंच रामसहाय, सुरेश बिन्दापुरा, लाखन सरपंच, रामजी लाल सरपंच, देवनारायण, रमेश सरपंच सहित अन्य पंच पटेल मौजूद रहे।
जनता जल योजना का मिलेगा लाभ
ग्रामीणों की पेयजल समस्या की शिकायत पर विधायक रमेश मीणा ने कहा की ग्राम पंचायत में करीब 5 करोड रुपए की लागत से जनता जल योजना के तहत टंकी निर्माण कराने के साथ 23 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई गई है। ग्राम पंचायत के 5 राजस्व गांवों और ढाणियों में करीब 900 कनेक्शन किए जाने हैं। इसको लेकर ग्रामीणों को विभागीय नियमानुसार कनेक्शन राशि जमा करानी होगी इसके बाद घर घर नल कनेक्शन कर दिए जाएंगे। इसी क्रम में विधायक ने गुरदह से बथुआ खौ तक सड़क निर्माण के प्रस्ताव भी तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही सड़क का निर्माण कराया जाएगा। ग्रामीणों की अन्य समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया।

0 टिप्पणियाँ