जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

जयपुर के कालवाड़ थाना इलाके में मजदूरी के बहाने एक महिला को बाइक पर बैठाकर ले जाने और सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में इस बात का जिक्र किया है कि पीड़िता गुरुवार सुबह अपनी ननद के साथ गोविंदपुरा चौकटी पर मजदूरी के लिए खड़ी थी। तभी बाइक सवार एक आदमी उनके पास आया और मजदूरी का काम बता पीड़िता और उसकी ननद को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया। बाइक सवार व्यक्ति ने रास्ते में ही पीड़िता की ननद को उतार दिया और पीड़िता को वेदांता स्कूल के पास एक सुनसान जगह ले गया। जहां पर आरोपी ने पीड़िता के साथ छेड़छाड़ कर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास खेत में काम कर रहे कुछ ग्रामीण दौड़ कर पीड़िता के पास पहुंचे। इस दौरान बाइक पर सवार होकर भाग रहे आरोपी को ग्रामीणों ने दबोच लिया। आरोपी को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने उसकी धुनाई कर दी और फोन कर पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी मनोज को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस ने दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर जांच करना शुरू किया है और पीड़िता का मेडिकल करवाया गया है। पुलिस आज पीड़िता के 164 के बयान दर्ज करवा कर प्रकरण में आगे की कार्रवाई करेगी।