जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

राजस्थान में पंचायत चुनाव का तीसरा और अंतिम चरण मंगलवार को खत्म हो गया। तीसरे चरण में धौलपुर और अलवर की जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और 65.23 फीसदी मतदान किया। राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त पीएस मेहरा ने बताया कि तीसरे और अंतिम चरण में प्रदेश के अलवर और धौलपुर जिले की 7 पंचायत समितियों के 167 वार्डों एवं उनसे संबंधित जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान हुआ। पंचायत समितियों सदस्यों के लिए 606 उम्मीदवार चुनाव मैदान में ​हैं, और दोनों जिलों को मिलाकर कुल 7 लाख 76 हजार 284 मतदाता हैं। जिनमें से 5 लाख 6 हजार 350 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि मतदाताओं ने पूरे जोश के साथ पहले चरण में 64.24 फीसद मतदान किया था। जबकी दूसरे चरण में 57.46 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले, जो कि थोड़ा कम रहा। संभवतः उसी दिन पटवारी भर्ती परीक्षा के चलते मतदान प्रतिशत में कमी देखी गई। तीसरे और अंतिम चरण में मतदाताओं ने सर्वाधिक 65.23 प्रतिशत मतदान कर निर्वाचन प्रक्रिया में दिलचस्पी दिखाई है। मेहरा ने बताया कि 29 अक्टूबर को दोनों जिला मुख्यालयों पर मतगणना करवाई जाएगी। शांतिपूर्ण और सुरक्षित मतगणना के संबंधित जिला प्रशासन और पुलिस को विस्तृत निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा जिला प्रमुख और प्रधान का चुनाव 30 अक्टूबर और उप जिला प्रमुख एवं उप प्रधान का चुनाव 31 अक्टूबर को करवाया जाएगा। इसके साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त ने स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कोरोना संबंधी सभी दिशा-निर्देशों के पालना के साथ सुरक्षित मतदान के लिए मतदाताओं का आभार जताया है। साथ ही कहा कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस के सहयोग से जागरूक मतदाताओं ने कोरोना संबंधी गाइडलाइनों की पालना के साथ सुरक्षित मतदान किया।