राजस्थान में 5378 पदों के लिए पटवारी भर्ती परीक्षा का दूसरा चरण अब से कुछ ही देर में शुरू हो जाएगा। आज दूसरे दिन प्रदेश के 23 जिलों में भर्ती परीक्षा के लिए एक हजार 177 सेंटर पर परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। जहां सात लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे। इस दौरान जहां प्रदेश के 10 से ज्यादा जिलों में नेट बंद रहेगा।
वहीं भर्ती परीक्षा में नकल रोकने के लिए पहली बार मेटल डिटेक्टर से अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी। 2 दिन तक चलने वाली परीक्षा में कुल 15 लाख 62 हजार 995 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। परीक्षा में धांधली रोकने के लिए जहां पुलिस-प्रशासन की टीमों ने प्रदेशभर में सतर्कता और निगरानी बढ़ा दी है। कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा भी लगातार नकल पर नकेल कसने के लिए रणनीति पर काम किया जा रहा है।
मेटल डिटेक्टर से होगी जांच
REET और सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में हुई धांधली के बाद राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड पूरी तरह से सतर्क हो गया है। प्रदेशभर के 23 जिलों में परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के संदिग्ध परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं। संदिग्ध छात्रों की विशेष मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी की गई है।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ फ्लाइंग स्क्वायड, ऑब्जर्वर, केंद्र अधीक्षक और आंतरिक सतर्कता दल के साथ विशेष निगरानी दल बनाया गया है। जो अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इसके साथ ही परीक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बरतने पर अभ्यर्थी के खिलाफ 1992 अधिनियम के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें दोषी पाए जाने पर अभ्यर्थी को 7 साल जेल में बिताने पड़ सकते हैं।
जयपुर समेत 10 जिलों में बंद रहेगा नेट
राजस्थान में शनिवार से पटवारी भर्ती परीक्षा शुरू होने से पहले ही जयपुर समेत प्रदेश के 10 जिलों में सरकार ने नेटबंदी लगा दी है। ऐसे में जयपुर, बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, दौसा सवाईमाधोपुर, नागौर, अजमेर, जोधपुर और भरतपुर में रविवार को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा। इस दौरान लीज लाइन को छोड़कर समस्त प्रकार की इंटरनेट सेवा बंद रहेगी। कुछ जिलों में अलसुबह नेटबंदी होने की संभावना बनी हुई है। बता दें की इंटरनेट बंद करने को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर जरूरत पड़ने पर संभागीय आयुक्त को पत्र लिखते हैं या फिर संभागीय आयुक्त स्वविवेक से निर्णय ले सकते हैं।
5 दिन रोडवेज बसों में कर सकेंगे फ्री में सफर
राजस्थान में होने जा रही पटवारी भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थी प्रदेशभर में रोडवेज बसों में 26 अक्टूबर तक रोडवेज बसों में फ्री में सफर कर सकेंगे। राजस्थान रोडवेज से जारी आदेशों के मुताबिक परीक्षा शुरू होने से 2 दिन पहले और पेपर खत्म होने के एक दिन खत्म होने के अगले दिन तक परीक्षा देने वाले स्टूडेंट्स रोडवेज बसों में फ्री सफर कर सकते हैं। इस दौरान अभ्यर्थी गांव या शहर से परीक्षा केन्द्र तक जाने और वापस आने के लिए सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं होने पर एक से अधिक कनेक्टिंग बस का उपयोग कर सकेंगे। फ्री सफर के लिए अभ्यर्थी को अपना प्रवेश पत्र और मूल दस्तावेज दिखने होंगे।
विशेषज्ञों की राय के बाद जारी होगा कटऑफ
शर्मा ने कहा कि पटवारी भर्ती परीक्षा पूरी होने के बाद परिणाम आने पर हम उसके आधार पर निर्णय लेंगे। अगर चारों प्रश्नपत्र का एवरेज लगभग बराबर आ रहा है, तो फिर हम राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के सॉफ्टवेयर के आधार पर कटऑफ निकालेंगे। इसके साथ ही हम विशेषज्ञों से भी इसका आकलन करवाएंगे। ऐसे में अगर जरूरत पड़ती है तो हम स्केलिंग फॉर्मूला भी अपनाएंगे। एक्सपर्ट कमेटी के सुझाव पर ही निर्णय लेंगे।

0 टिप्पणियाँ