बायोडीजल के नाम पर अवैध कारोबार करने वाले बीकानेर के छह और चूरू के एक ठिकाने पर जीएसटी के अधिकारियों की टीम ने शनिवार को एक साथ छापेमारी की। राज्य जीएसटी के कमिश्नर रवि जैन के निर्देशन पर पूरे राजस्थान में करीब पचास से अधिक ठिकानों पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया था। बीकानेर के छह ठिकानों पर हुई कार्रवाई के बाद बायो डीजल के नाम पर धंधा करने वाले व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
जीएसटी के स्थानीय एडिशनल कमिश्नर हरि सिंह चारण ने बताया कि जांच के दौरान सभी ठिकानों से बायो डीजल सरीखे कैमिकल के नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए मुख्यालय भिजवाया जाएगा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगामी कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल किसी भी ठिकानों पर जुर्माने की कार्रवाई नहीं की गई है।
बीकानेर के पांच स्थानों पर शाम तक कार्रवाई पूर्ण हो चुकी थी, लेकिन नापासर के एक व्यापारिक ठिकाने पर देर रात तक कार्रवाई जारी रही। चारण ने बताया कि जांच के दौरान बेस ऑयल, पैराफीन, एलडीओ और वाइट ऑयल के स्टॉक और वितरण को जांच का आधार कार्रवाई शुरू की गई थी।
गुजरात में सख्ती के बाद बीकानेर में सक्रिय
गुजरात में तेल माफियाओं राजस्थान में सक्रिय है। बीकानेर में एक दर्जन से अधिक लोग बायो डीजल के नाम पर व्हाइट ऑयल, बेस ऑयल, पैराफिन और एलडीओ का वितरण और स्टॉक कर रहे हैं। इनसे जुड़े हुए अधिकतर कारोबारी इस ऑयल को विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में आपूर्ति कर रहे हैं। बीकानेर में उपायुक्त विक्रम सिंह राजावत, सहायक आयुक्त ओम प्रकाश गोदारा, महेश ओझा, सुनील रिणवा, ओम सरावग, पवन गहलोत ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

0 टिप्पणियाँ